Derabassi news Illegal mining of sand from Ghaggar river near Ibrahimpur village is going on throughout the night: सरकार के अवैध माइनिंग रोकने के दावों की डेराबस्सी क्षेत्र में फूंक निकलती नजर आ रही है यहां ककराली के बाद अब इब्राहिमपुर गांव के नजदीक घग्गर नदी से रेत की अवैध माइनिंग पूरी रात धड़ले से चल रही है। ना तो इस तरफ प्रशासन ध्यान दे रहा है और ना ही माइनिंग डिपार्टमेंट कोई कार्रवाई कर रहा है। जिस वजह से अवैध खनन करने वालों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने प्रशासन से अवैध खनन पर नकेल कसने की मांग की है।
Derabassi news: घग्गर नदी से रेत की अवैध माइनिंग
जानकारी के अनुसार छतबीड़ चिड़ियाघर के पीछे इब्राहिमपुर गांव से निकल रही घग्गर नदी में ट्रैक्टर ट्रॉलियों की मदद से अवैध खनन किया जा रहा है। पूरी रात रेत निकालकर बिना किसी डर के बेचा जा रहा है और दिन निकलते ही खननकर्ता गायब हो जाते हैं। इससे जहां सरकार को लाखों रुपए का नुकसान हो रहा है, वहीं प्रतिबंधित क्षेत्रों में खनन कर सरकारी नियमों की उल्लंघना की जा रही है।
गांव के कुछ लोगों ने नाम गुप्त रखने की बात कर कहा कि घग्गर नदी से ट्रैक्टर ट्रॉलियों की मदद से रात भर रेत निकाल कर बेची जा रही है इसका सबूत गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर पता लग जाएगा और अवैध खनन में संलिप्त अपराधियों की पहचान की जा सकेगी, क्योंकि घग्गर से रेत निकाल रहे ट्रैक्टर गांव से ही होकर आगे जाते हैं। लोगों ने अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में एसडीएम डेराबस्सी अमित गुप्ता ने कहा कि किसी को भी अवैध खनन करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। वे खनन विभाग को सख्त कार्रवाई करने का निर्देश देंगे।













