कुरुक्षेत्र (गीता महोत्सव)। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का विधिवत शुभारंभ 24 नवंबर को पवित्र ब्रह्मसरोवर तट पर गीता यज्ञ एवं पूजन से होगा। पहली बार 21 दिन तक चलने वाले इस महोत्सव में संस्कृति, ज्ञान और आध्यात्मिकता का अलग ही संगम देखने को मिलेगा। 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महोत्सव में शामिल होंगे तो इस दौरान ज्योतिसर स्थित महाभारत अनुभव केंद्र के उद्घाटन की भी तैयारी है। यह कहना है मुख्यमंत्री नायब सैनी का। वे गीता महोत्सव को लेकर शुक्रवार को सर्वेश्वर महादेव मंदिर परिसर में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे।
गीता महोत्सव: PM मोदी 25 को आएंगे
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 में कहा था कि कुरुक्षेत्र को गीता स्थली के रूप में पहचान दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उनसे प्रेरणा प्राप्त कर गीता महोत्सव को कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाने की शुरुआत वर्ष 2016 में की थी,तब से अब तक पिछले नौ वर्षों से इस महोत्सव को अपार सफलता मिली है।
24 नवंबर को ही कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय गीता संगोष्ठी का शुभारंभ होगा, जिसमें गीता मर्मज्ञ, विद्वान एवं शोधार्थी अपने शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे, इनमें 16 देशों के 25 विद्वान भी शामिल होंगे।
51 देशों में गीता महोत्सव के कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जिनका लाइव प्रसारण रहेगा। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय द्वारा दूसरे देशों में विभिन्न भाषाओं में अनुवाद की गई श्रीमद्भागवत गीता की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। फिजी और त्रिनिदाद एवं टोबेगो से 20 पंडित दो दिन के लिए कुरुक्षेत्र आ रहे हैं, जोकि महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसके अलावा सात देशों के 25 शिल्पकारों द्वारा अपनी शिल्प का प्रर्दशन महोत्सव के दौरान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 से 30 नवंबर तक पुरुषोत्तमपुरा बाग में पदम विभूषित रामभ्रदाचार्य द्वारा जीयो गीता के तत्वावधान में कथा का आयोजन किया जाएगा। इसी तरह 29 नवम्बर को पुरुषोत्तमपुरा बाग में संत सम्मेलन का आयोजन होगा। 30 नवंबर को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सीनेट हाल में अखिल भारतीय देवस्थानम सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद की प्रेरणा और प्रयासों से मॉरीशस, ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और जापान समेत अन्य देशों में गीता महोत्सव का भव्य आयोजन हो चुका है।
28 नवंबर से सभी जिला मुख्यालयों पर कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने कहा कि महोत्सव में हरियाणा की संस्कृति, शिल्प, खान-पान इत्यादि से सम्बन्धित हरियाणा पैवेलियन बनाया जाएगा। इसमें वाले पर्यटक एवं तीर्थयात्री हरियाणा की संस्कृति से रूबरू होंगे। बलराम कुश्ती दंगल का भी आयोजन करवाया जाएगा।
28 नवंबर से सभी जिला मुख्यालयों पर महोत्सव के कार्यक्रम होंगे। एक दिसंबर को सभी जिलों के मुख्यालयों में गीता शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। एक दिसंबर को 1800 विद्यार्थियों द्वारा गीता का वैश्विक पाठ किया जाएगा। इसी प्रकार ग्राम पंचायतों द्वारा अपने तीर्थों पर सायंकाल को दीपोत्सव मनाया जाएगा।
वीडियो क्लिप को मिलेगा एक लाख का पुरस्कार
मुख्यमंत्री ने कहा कि महोत्सव के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा एक यू-टूब चैनल चलाया जाएगा। इसमें विभिन्न श्रद्धालु श्रीमद्भगवद गीता में मेरा पंसदीदा श्लोक एवं उस श्लोक से उनके जीवन में आए बदलाव पर अपना अनुभव साझा करेंगे। सबसे ज्यादा देखे जाने वाली विडियो क्लिप को महोत्सव के समापन समारोह में एक लाख रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
18 हजार बच्चे करेंगे गीता पाठ
नायब सैनी ने कहा कि 15 नवंबर से पांच दिसंबर तक ब्रह्मसरोवर के पावन तट पर भव्य गीता महाआरती का आयोजन किया जाएगा। 25 नवंबर से एक दिसंबर तक 48 कोस कुरुक्षेत्र भूमि के तीर्थों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। गीता जयंती के दिन एक दिसंबर को ज्योतिसर तीर्थ पर गीता यज्ञ, गीता पाठ एवं भगवद कथा का आयोजन होगा। उसी दिन थीम पार्क, 18 हजार विद्यार्थियों द्वारा वैश्विक पाठ किया जाएगा। कुवि में 48 कोस तीर्थ सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसी दिन सभी 182 तीर्थों पर दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा।












