Hello Vaxi Chatbot Easy information on child vaccination in Chandigarh: बच्चों के वैक्सीनेशन को लेकर पेरेंट्स को किसी भी तरह की जानकारी लेने के लिए इधर-उधर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी । घर बैठे चंडीगढ़ में होने वाले वैक्सीनेशन के बारे में जानकारी हासिल कर सकेंगे।
Hello Vaxi Chatbot: सातों दिन मिलेगी जानकारी
इसके लिए हेल्थ डिपार्टमेंट के वैक्सीनेशन डिपार्टमेंट ने एक चैटबॉट- ‘हेलो वैक्सी’ तैयार किया है। यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस बेस्ड एप्लिकेशन है, जिसमें क्यूआर कोड स्कैन कर वॉट्सएप पर हिन्दी और इंग्लिश में 24 घंटे सातों दिन जानकारी हासिल कर सकते हैं।
डिस्ट्रिक्ट इम्युनाइजेशन ऑफिसर डॉ. मनजीत सिंह ने बताया कि इस एप्लीकेशन का लाभ पेरेंट्स ही नहीं, बल्कि हेल्थ केयर प्रोफेशनल भी उठा सकते हैं। इसके लिए एक मोबाइल नंबर 8929850850 अपने मोबाइल में सेव कर एप को डाउनलोड कर सकते हैं।
डीआईओ डॉ. मनजीत सिंह ने बुधवार को पीजीआई की ओर से वैक्सीन कोर्स में इसकी जानकारी दी। देशभर से आए हेल्थ प्रोफेशनल्स और डॉक्टरों ने इसकी सराहना करते हुए कहा कि यह अच्छी पहल है। पेरेंट्स के साथ-साथ हेल्थ प्रोफेशनल्स के लिए काफी कारगर है।
वैक्सीनेशन कैल्कुलेटर भी है इसमें
डॉ. मनजीत सिंह ने बताया- इस एप में एक विशेष वैक्सीनेशन कैल्कुलेटर भी शामिल किया गया है जो किसी भी बच्चे की जन्मतिथि दर्ज करके उसके सभी देय टीकों /खुराकों और तारीख की गणना और जानक देता है। हेलो वैक्सी 24X7 वैक्सीनेशन विशेषज्ञ के रूप में काम करता है।
पेरेंट्स चंडीगढ़ में वैक्सीनेशन के लिए अपनी पसंद या सुविधा के अनुसार सेंटर चुन सकते हैं। वॉट्सएप पर चैटबॉट से किसी भी समय वैक्सीनेशन से संबंधित कोई भी सवाल कर सकते हैं। अक्सर वैक्सीन लगवाने के बाद बच्चे को कोई साइड इफेक्ट है, देर रात बच्चे को कोई दिक्कत है तो पेरेंट्स इस चैटबॉट पर जैसे ही सवाल लिखेंगे, वह उसका रिप्लाई देगा।
जैसे वैक्सीन से क्या-क्या दिक्कत हो सकती हैं, उसका घर में क्या उपाय है, इसकी जानकारी उसी समय मिल जाएगी। यह जानकारी पेरेंट्स की टेंशन को काफी हद तक कम करेगा। अगर किसी पेरेंट को जानना है कि उनके 9 माह बच्चे को कौन सा टीका लगेगा, नजदीकी वैक्सीनेशन सेंटर कहां है, यह जानकारी मोबाइल पर तुरंत मिल जाएगी।













