गुरुग्राम, Gurugram NMT Underpass: गुरुग्राम के राजीव चौक पर स्थित एनएमटी (गैर मोटर चालित) अंडरपास को जल्द ही नया रूप मिलने वाला है। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने अधिकारियों को 24 सितंबर तक अंडरपास की सफाई, मरम्मत और लाइटिंग की व्यवस्था पूरी करने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को शहर का दौरा करते हुए मंत्री ने साफ कहा कि पैदल यात्रियों के लिए यह अंडरपास सुरक्षित और सुविधाजनक होना चाहिए। उन्होंने एस्कलेटर की मरम्मत और सफाई के भी आदेश दिए। मंत्री ने चेतावनी दी कि वे 24 सितंबर को दोबारा निरीक्षण करेंगे, इसलिए तब तक सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त हो जानी चाहिए। साथ ही, राजीव चौक के पास पानी से भरे पैदल पथ पर अतिक्रमण हटाने और दोबारा ऐसा न हो, इसके लिए थाना इंचार्ज की जिम्मेदारी तय करने को कहा।
मानसून में जलभराव की मार
इस मानसून सीजन में राजीव चौक का एनएमटी अंडरपास पूरी तरह पानी में डूब गया था, जिसके चलते इसे बंद करना पड़ा। गुरुग्राम में जलभराव की समस्या ने लोगों को खासी परेशानी दी। अब सरकार इस समस्या का स्थायी समाधान चाहती है। मंत्री ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि अगले मानसून से पहले शहर में जलभराव की दिक्कत खत्म होनी चाहिए।
5.50 करोड़ की ड्रेन योजना
जीएमडीए अधिकारियों ने बताया कि राजीव चौक से मेदांता की ओर जाने वाली सड़क के किनारे ड्रेन बनाने का टेंडर जारी हो चुका है। इस पर 5.50 करोड़ रुपये खर्च होंगे, और इसे अगले मानसून से पहले पूरा करने का लक्ष्य है। इससे क्षेत्र में जलनिकासी की व्यवस्था बेहतर होगी। मंत्री ने सुभाष चौक से हीरो होंडा चौक तक सड़क का निरीक्षण किया और बादशाहपुर ड्रेन क्षेत्र का जायजा लिया। जीएमडीए ने बताया कि एसपीआर पर ड्रेन निर्माण का काम चल रहा है, जो पूरा होने पर पूरे इलाके की जलनिकासी को सुधारेगा।
ड्रेन और कल्वर्ट की सफाई जरूरी
हीरो होंडा चौक पर एनएचएआई द्वारा उमंग भारद्वाज चौक तक बड़ी ड्रेन बनाई जा रही है। मंत्री ने जोर देकर कहा कि ड्रेनों की नियमित सफाई भी जरूरी है। बहरामपुर रोड पर ड्रेन निर्माण का एस्टीमेट तैयार हो रहा है, जबकि नरसिंहपुर में बंद पड़ी कल्वर्ट की तुरंत सफाई के निर्देश दिए गए। मंत्री ने कहा कि सभी विभागों को आपस में तालमेल बनाकर योजनाबद्ध तरीके से काम करना होगा, ताकि गुरुग्राम के लोगों को मानसून में जलभराव से स्थायी राहत मिले।












