नई दिल्ली/नोएडा, Noida Kalindi Kunj Flyover Project : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर के निवासियों के लिए यातायात सुधार की दिशा में एक बड़ी खबर सामने आई है। नोएडा और कालिंदी कुंज के बीच पीक आवर्स में लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम के झंझट से अब जल्द ही छुटकारा मिलने वाला है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इस रूट पर फ्लाईओवर निर्माण की एक महत्वाकांक्षी योजना तैयार कर ली है। अधिकारियों ने यहां से ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं और बहुत जल्द इस प्रोजेक्ट की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
लाखों यात्रियों का सफर होगा आसान
इस रूट पर नए फ्लाईओवर के निर्माण से ट्रैफिक जाम की पुरानी समस्या हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी। इसका सीधा फायदा नोएडा से जसोला विहार, ओखला विहार, सरिता विहार, बदरपुर और फरीदाबाद के लिए आवागमन करने वाली लाखों की आबादी को मिलेगा। अब इन क्षेत्रों में रहने वाले नौकरीपेशा लोगों के लिए बिना ट्रैफिक जाम में फंसे कम समय में अपना सफर तय करना बेहद आसान बन जाएगा।
मदनपुर खादर से जीडी बिड़ला मार्ग तक का प्लान
NHAI के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस प्रोजेक्ट की जानकारी देते हुए बताया कि मदनपुर खादर पुलिया से नोएडा की तरफ 3-3 लेन के डेढ़ किलोमीटर लंबे दो फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही आगरा कैनाल (Agra Canal) पर भी यातायात को गति देने के लिए दो नए पुल बनाए जाएंगे। ये पुल दोनों तरफ से जीडी बिड़ला रोड की चौड़ाई बढ़ाने का अहम काम करेंगे।
इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर जसोला विहार, ओखला विहार, सरिता विहार, बदरपुर और जामिया नगर की ओर जाने वाले वाहन मौजूदा बैराज रोड से नीचे ही नीचे जीडी बिड़ला मार्ग होते हुए निकल जाएंगे। वहीं, नए फ्लाईओवर के जरिए वाहन चालक सीधे फरीदाबाद, मीठापुर, जैतपुर और केएमपी (KMP) एक्सप्रेसवे का रुख कर सकेंगे।
प्रदूषण और समय की बर्बादी पर लगेगा लगाम
वर्तमान में नोएडा से कालिंदी कुंज बैराज के रास्ते दिल्ली में प्रवेश करते समय अक्सर भयंकर जाम की स्थिति बनी रहती है। यह एक ऐसा बॉटलनेक है जहां हर वक्त गाड़ियां रेंगती नजर आती हैं और एक छोटी सी दूरी तय करने में लगभग 40 मिनट का समय बर्बाद हो जाता है। इस जाम से न केवल कीमती समय की बर्बादी होती है, बल्कि हजारों वाहनों के स्टार्ट खड़े रहने की वजह से यमुना किनारे पर्यावरण प्रदूषण भी खतरनाक स्तर पर बढ़ता है।
इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने पहल करते हुए NHAI को पत्र लिखा था, जिसके अब बेहद सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि एनएचएआई जल्द ही इस प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारेगा ताकि दिल्ली और नोएडा के लोगों को जल्द से जल्द ट्रैफिक जाम के इस मकड़जाल से मुक्ति मिल सके।
Holi Special Train: रेवाड़ी वालों के लिए होली का तोहफा: लखनऊ और जयपुर के लिए मिली सीधी ट्रेन
भरोसेमंद और सटीक खबरों के लिए Haryana News Post पर नज़र बनाए रखें।












