Inspire Award 2025, सिटी रिपोर्टर | सोनीपत : इंस्पायर अवॉर्ड योजना के अंतर्गत स्कूली स्तर पर विद्यार्थियों को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में नवाचार कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। विद्यार्थी को अपना आइडिया पोर्टल पर अपलोड करना है। छात्र द्वारा भेजा गया आइडिया व्यवहारिक, सामाजिक उपयोगिता, पर्यावरण की अनुकूलता, नवीनतम और वर्तमान तकनीक से बेहतरी के आधार पर होना चाहिए।
इंस्पायर अवॉर्ड का महत्व
विद्यार्थी 15 सितंबर अपना आइडिया अपलोड करते हैं, लेकिन इसमें स्कूल रुचि नहीं दिखा रहे जिसके कारण अभी तक हरियाणा बोर्ड और सीबीएसई के 779 स्कूलों में से 166 स्कूलों के विद्यार्थियों ने ही आइडिया अपलोड किया है। इसे देखते हुए डीईओ डीएसएस से प्रतिदिन रिपोर्ट मांगी है। केंद्र सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की तरफ से इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों से आइडिया मांगें हुए हैं। योजना के अनुसार छठी कक्षा से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं।
विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन करना है। विभाग ने प्रत्येक स्कूल को तीन से पांच आइडिया अपलोड करने के निर्देश दिए हुए हैं, जिससे योजना का लाभ विद्यार्थियों को मिल सके। जिस भी विद्यार्थी का आइडिया चयनित होगा, विभाग की तरफ से आइडिया पर कार्य करते हुए वर्किंग माडल तैयार करने के लिए दस हजार रुपये बजट जारी किया जाएगा। जिसे प्रदर्शनी में शामिल किया जाएगा। विद्यार्थी को वर्किंग माडल के बारे में बताना होगा। साथ ही उनके आइडिया से समाज को क्या लाभ होगा, इसके बारे में भी बताएंगे।
प्रत्येक ब्लॉक को 450 आइडिया अपलोड कराने का लक्ष्य
इंस्पायर योजना का लाभ अधिक से अधिक बच्चों को मिले, इसके लिए प्रत्येक खंड से 400 से 450 आइडिया अपलोड कराने के लक्ष्य दिया गया है। क्लस्टर हेड द्वारा स्कूलों में जाकर बच्चों को योजना के बारे में जानकारी देते हुए बच्चों को नवाचार पर आधारित अपना आइडिया अपलोड कराना होगा। परंतु आइडिया बहुत ही कम अपलोड हुए हैं।
60 नए आइडिया राष्ट्रपति करेंगी पुरस्कृत
जिला विज्ञान विशेषज्ञ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि वर्किंग मॉडल की प्रदर्शनी जिला स्तरीय प्रदर्शनी में किया जाएगा। जिलास्तर पर श्रेष्ठ चयनित होने पर उसे प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन और वहां से राष्ट्रीय स्तरीय प्रदर्शनी के लिए चयनित किया जाएगा। जहां पर शीर्ष 60 नए आइडिया वाले माडल को राष्ट्रपति भवन में प्रदर्शित किया जाएगा। जिन्हें राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। पिछले वर्ष जिले में
राष्ट्रीय स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया था। प्रतिदिन विद्यार्थी प्रदर्शनी देखने के लिए पहुंचे थे।
जिले में पुरस्कार के लिए चयनित आइडिया
डीईओ, सोनीपत नवीन गुलिया ने कहा कि विद्यार्थियों को आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारी और स्कूल प्राचार्यों को विद्यार्थियों को इसे लेकर प्रेरित करने के निर्देश दिए हैं। जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थियों को योजना का लाभ मिल सके।













