Women Ramleela Chandigarh, (चंडीगढ़) : ट्राईसिटी की अनोखी ऑल विमन रामलीला अब सिर्फ पीरमुछल्ला तक सीमित नहीं रही! इस बार ये हाईटेक रामलीला देश-विदेश में लाखों लोग लाइव देखेंगे। 10 ऑनलाइन मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इसका लाइव टेलिकास्ट होगा, और अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन में कम्युनिटी वॉचिंग का इंतजाम किया गया है। पहली बार यह भव्य मंचन पंचकूला के सेक्टर-5 में इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में होगा। 23 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाली इस रामलीला में राम, रावण, कुंभकरण से लेकर राजमाता तक, सभी किरदार महिलाएं निभाएंगी।
ऑडिटोरियम में मंचन क्यों?
चार साल पहले शुरू हुई इस रामलीला को अब ऑडिटोरियम में लाया गया है। ‘जड़ों से जुड़ो’ ग्रुप की संस्थापक एकता नागपाल बताती हैं कि मिडिल और अपर क्लास का यूथ पारंपरिक कला से दूर होता जा रहा है। उन्हें एसी और कुशन चेयर की आदत है, जो खुले मैदान में संभव नहीं। ओपन रामलीला में सामने की सीटों पर आयोजक और मेहमान बैठते हैं, पीछे बुजुर्ग और बच्चे नजर आते हैं, लेकिन युवा गायब रहते हैं। इसलिए इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में मंचन का फैसला लिया गया, जहां 1500 लोगों की सीटिंग क्षमता है। एंट्री सिर्फ निमंत्रण से होगी।
70 महिलाओं का कमाल
इस रामलीला में 70 महिलाएं हिस्सा लेंगी, जिनमें 6 महीने की बच्ची से लेकर 82 साल की बुजुर्ग तक शामिल हैं। इनमें स्टूडेंट्स, टीचर्स, होममेकर्स और उद्यमी हैं। हरियाणवी फिल्म ‘चंद्रावल’ की अभिनेत्री ऊषा शर्मा भी खास किरदार निभाएंगी। मंचन में डिजिटल तकनीक, लाइट-साउंड इफेक्ट्स और एलईडी स्क्रीन पर शानदार विजुअल्स होंगे। कलाकार डबिंग के साथ लिपसिंक करेंगी। संत ब्रह्मऋषि कुमार स्वामी, स्वामी ज्ञानानंद महाराज, महंत संपूर्णानंद ब्रह्मचारी और स्वामी धर्मबंधु भी शामिल होंगे। सीएम, गवर्नर और कैबिनेट मंत्रियों को भी न्योता भेजा गया है।
महिलाओं का सशक्तिकरण
एकता नागपाल कहती हैं कि महिला सशक्तिकरण का मतलब सिर्फ नौकरी या आर्थिक आजादी नहीं, बल्कि सामाजिक सामंजस्य भी है। इस रामलीला की शुरुआत जीरकपुर के पीरमुछल्ला में इसलिए हुई थी ताकि महिलाओं की ताकत दिखाई जा सके। शुरू में लोग कहते थे कि महिलाएं ऐसे किरदार नहीं निभा सकतीं, लेकिन आज यह चौथा मंचन है और बजट चार गुना बढ़ गया है। पुराने समय में स्वयंबर के जरिए महिलाएं अपने वर चुनती थीं, तो आज उन्हें कमजोर कैसे समझा जा सकता है? इस आयोजन में अरुण सूद, आईएएस राजेश जोगपाल, उमेश घई, संजीव सूद, रविंदर पंघाल, अर्चना भट्ट, परमिंदर ढींगरा, अजय मित्तल और श्याम लाल बंसल जैसे लोग शामिल हैं।













