अहमदाबाद, 20 अप्रैल (हरियाणा न्यूज पोस्ट)। आईपीएल 2026 के 30वें मुकाबले में आज गुजरात टाइटन्स और मुंबई इंडियंस के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भिड़ंत होगी। लगातार तीन जीत के साथ शुभमन गिल की गुजरात टाइटन्स जहाँ विजय रथ पर सवार है, वहीं हार्दिक पांड्या की मुंबई इंडियंस लगातार चार हार के बाद अपनी साख बचाने के लिए मैदान में उतरेगी।
आईपीएल 2026 का रोमांच आज अपने चरम पर होगा जब गुजरात टाइटन्स अपने घरेलू मैदान नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मुंबई इंडियंस की मेजबानी करेगी। शुभमन गिल की कप्तानी में गुजरात टाइटन्स इस समय जबरदस्त फॉर्म में है। शुरुआती दो हार के बाद टीम ने लगातार तीन मैच जीतकर शानदार वापसी की है। पिछले मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को हराने के बाद गुजरात अब पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर पहुंच गई है। दूसरी ओर, पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के लिए यह सीजन अब तक किसी बुरे सपने जैसा रहा है। लगातार चार हार झेलने के बाद टीम अंक तालिका में नौवें स्थान पर खिसक गई है और आज की हार उनके प्लेऑफ की राह को बेहद मुश्किल बना सकती है।
पर्पल और ऑरेंज कैप पर गुजरात का कब्जा
इस मुकाबले में सबकी नजरें गुजरात के दो प्रमुख खिलाड़ियों पर होंगी। कप्तान शुभमन गिल इस समय ‘ऑरेंज कैप’ होल्डर हैं, जिन्होंने 5 मैचों में 62.75 की औसत से 251 रन बनाए हैं। गिल को अहमदाबाद की पिच रास आती है और उनका हालिया प्रदर्शन मुंबई के लिए बड़ी चुनौती होगा। वहीं, गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा का कहर जारी है। वे 5 मैचों में 11 विकेट लेकर ‘पर्पल कैप’ की रेस में पहले नंबर पर हैं। प्रसिद्ध की उछाल भरी गेंदे मुंबई के टॉप ऑर्डर के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकती हैं।
क्विंटन डी कॉक की वापसी
मुंबई इंडियंस के लिए एकमात्र बड़ी राहत क्विंटन डी कॉक की फॉर्म है। रोहित शर्मा की चोट के बाद टीम में शामिल हुए डी कॉक ने पिछले मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ महज 53 गेंदों में शतक जड़कर अपनी क्लास दिखाई थी। वे आईपीएल इतिहास में तीन अलग-अलग टीमों के लिए शतक लगाने वाले पहले विदेशी खिलाड़ी बन गए हैं। मुंबई को उम्मीद होगी कि डी कॉक और कप्तान हार्दिक पांड्या मिलकर अहमदाबाद के मैदान पर अपनी टीम का ‘सूखा’ खत्म करेंगे।
मुंबई के लिए अभेद्य है गुजरात का किला
आंकड़ों की बात करें तो गुजरात टाइटन्स का अपने घर में मुंबई इंडियंस के खिलाफ रिकॉर्ड शत-प्रतिशत रहा है। दोनों टीमों के बीच अहमदाबाद में अब तक 4 मैच खेले गए हैं और चारों ही मौकों पर गुजरात ने जीत दर्ज की है। मुंबई के लिए ‘मोटेरा’ का यह जिक्स तोड़ना आसान नहीं होगा, खासकर तब जब जसप्रीत बुमराह को छोड़कर टीम का कोई भी गेंदबाज विपक्षी बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने में सफल नहीं हो पा रहा है।
CSK की बढ़ी टेंशन: फॉर्म में चल रहे आयुष म्हात्रे चोटिल, सीजन से बाहर होने का खतरा
IPL 2026 की भरोसेमंद कवरेज और हर बड़े अपडेट के लिए Haryana News Post पर बने रहें।













