दिल्ली. IPL 2026 से पहले BCCI ने बड़ा फैसला लिया है। इस बार टूर्नामेंट की ओपनिंग सेरेमनी नहीं होगी। यह निर्णय पिछले साल बेंगलुरु में हुई भगदड़ में मारे गए 11 फैंस के सम्मान में लिया गया है।
बोर्ड ने यह कदम पिछले साल 4 जून को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुई एक दर्दनाक घटना के सम्मान में उठाया है। दरअसल, आरसीबी की पहली ट्रॉफी जीत के जश्न के दौरान वहां मची भगदड़ में 11 प्रशंसकों ने अपनी जान गंवा दी थी। उन्हीं मृतक फैंस के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करने के लिए बीसीसीआई ने इस बार चमक-धमक से दूर रहने का निर्णय लिया है।
चिन्नास्वामी की त्रासदी ने बदला बीसीसीआई का रुख
आमतौर पर आईपीएल की शुरुआत फिल्मी सितारों, डांस और म्यूजिक के साथ होती है, लेकिन इस बार माहौल पूरी तरह अलग होगा। बीसीसीआई ने साफ किया है कि बेंगलुरु की घटना एक गहरा जख्म है और बोर्ड उस दुखद घड़ी को भूलकर जश्न मनाने के पक्ष में नहीं है। पहले मुकाबले में आरसीबी और एसआरएच की टीमें आमने-सामने होंगी, लेकिन मैदान पर मैच से पहले कोई भी बॉलीवुड परफॉरमेंस या आतिशबाजी नहीं दिखेगी। यह फैसला खेल के प्रति समर्पण और उन परिवारों के प्रति सहानुभूति को दर्शाता है जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है।
31 मई को होगा मेगा क्लोजिंग इवेंट
भले ही शुरुआत सादगी भरी हो, लेकिन बीसीसीआई सीजन के अंत में फैंस की कसर पूरी करने की तैयारी कर रहा है। बीसीसीआई सचिव देवाजीत सैकिया ने ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ से बातचीत में पुष्टि की है कि बोर्ड 31 मई को होने वाले फाइनल मैच से पहले एक विशाल क्लोजिंग सेरेमनी आयोजित करने का प्लान बना रहा है। पिछले साल यानी आईपीएल 2025 में कोलकाता के ईडन गार्डन्स में शाहरुख खान, दिशा पाटनी और करण औजला जैसे सितारों ने समां बांधा था, लेकिन इस बार फैंस को ऐसे नजारे के लिए फाइनल मुकाबले तक का इंतजार करना होगा।
इतिहास में दूसरी बार रद्द हुआ समारोह
यह पहली बार नहीं है जब बीसीसीआई ने किसी गंभीर वजह से ओपनिंग सेरेमनी को टाला हो। इससे पहले साल 2019 में पुलवामा आतंकी हमले के बाद भी बोर्ड ने समारोह रद्द कर दिया था। उस वक्त सीआरपीएफ के 40 जवानों की शहादत के सम्मान में सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित समिति ने बजट को शहीदों के परिवारों को दान करने का फैसला लिया था। साल 2026 में भी बोर्ड ने उसी संवेदनशीलता को दोहराते हुए क्रिकेट की भावना और मानवीय मूल्यों को सर्वोपरि रखा है।
IPL में धमाका: 17,000 करोड़ का ऑफर ठुकराकर काल सोमानी के हाथों में गई रॉयल्स की कमान
IPL 2026 की भरोसेमंद कवरेज और हर बड़े अपडेट के लिए Haryana News Post पर बने रहें।













