अंबाला (T20 World Cup 2026): खेल के मैदान पर मेहनत और किस्मत का कोई विकल्प नहीं होता। यह साबित किया है 32 वर्षीय जसप्रीत सिंह ने, जो टी20 वर्ल्ड कप में इटली की राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं। मूल रूप से पड़ोसी राज्य पंजाब के फगवाड़ा में जन्मे जसप्रीत का सफर आसान नहीं रहा। 22 साल पहले जब वह अपने माता-पिता के साथ इटली के बर्गमो शहर पहुंचे, तो वहां क्रिकेट का नामो-निशान नहीं था।
पेट पालने के लिए छोड़ा बल्ला, पकड़ी स्टीयरिंग
इटली में जीवन की शुरुआत संघर्षपूर्ण रही। उनके पिता तीरथ सिंह और मां जसवीर कौर ने फैक्ट्री में मजदूरी कर घर चलाया। जसप्रीत को भी परिवार की मदद के लिए काम करना पड़ा। उन्होंने दो साल का इलेक्ट्रिशियन कोर्स किया और सड़कों पर उबर ड्राइवर बनकर टैक्सी भी चलाई। लेकिन दिनभर की मेहनत के बाद भी क्रिकेट का जुनून कम नहीं हुआ। उन्होंने बर्गमो क्रिकेट क्लब में खेलना जारी रखा, जहां सुविधाओं के नाम पर सिर्फ जज्बा था।
गुरुद्वारे की सलाह और इंग्लैंड का रुख
इटली में टर्फ विकेट (घास वाली पिच) न होने के कारण उनकी प्रतिभा दब रही थी। एक गुरुद्वारे में मिले भारतीय प्रवासियों ने उन्हें इंग्लैंड जाकर खेलने की सलाह दी। इसके बाद जसप्रीत ने बर्मिंघम का रुख किया, जहां उन्होंने अपनी गेंदबाजी को धार दी। 2019 में उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने नॉर्वे के खिलाफ इटली के लिए अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला। जून 2025 में यूरोपीय क्षेत्रीय क्वालीफायर जीतने के बाद अब उनकी टीम वर्ल्ड कप के बड़े मंच पर है।
हरियाणा के युवाओं के लिए संदेश
हरियाणा, जिसे खेलों का पावरहाउस कहा जाता है, वहां रोहतक, सोनीपत और गुरुग्राम में हजारों युवा क्रिकेट अकादमियों में पसीना बहा रहे हैं। जसप्रीत की कहानी इन युवाओं को सिखाती है कि अगर इटली जैसे फुटबॉल-प्रेमी देश में रहकर, टैक्सी चलाकर कोई वर्ल्ड कप तक पहुंच सकता है, तो हरियाणा में मिल रही सुविधाओं के साथ कुछ भी हासिल किया जा सकता है। जसप्रीत का सपना भारत के ऐतिहासिक मैदानों—वानखेड़े और ईडन गार्डन्स—पर खेलना है, जो अब हकीकत बनने जा रहा है।
आंकड़ों में जसप्रीत का दम
32 साल के जसप्रीत दाएं हाथ के तेज गेंदबाज और बल्लेबाज हैं। अब तक 27 टी20 मैचों में उन्होंने 23 विकेट चटकाए हैं, जबकि 21 लिस्ट ए मैचों में उनके नाम 31 विकेट दर्ज हैं। वर्ल्ड कप में उनकी भूमिका इटली के गेंदबाजी आक्रमण को संभालने की होगी।
India vs USA T20 World Cup Result: जब फेल हुए दिग्गज, तब कप्तान ने अमेरिका के खिलाफ ऐसे पलटा मैच
T20 World Cup 2026 से जुड़ी हर ताज़ा और सटीक खबर यहां पढ़ें। मैच शेड्यूल, लाइव स्कोर अपडेट, टीम इंडिया की तैयारी, पॉइंट्स टेबल और मैच नतीजों की पूरी जानकारी मिलेगी। T20 वर्ल्ड कप की भरोसेमंद कवरेज और हर बड़े अपडेट के लिए Haryana News Post पर बने रहें।













