Delhi Police Mobile Recovery: Amazing feat of Delhi Police: More than 400 stolen mobiles recovered, phones returned to 101 people! नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली पुलिस ने चोरी के मोबाइल फोनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 400 से ज्यादा फोन बरामद किए हैं। इनमें से 101 फोन उनके असली मालिकों को लौटा दिए गए हैं।
पिछले दो महीनों में स्पेशल स्टाफ ने 200, वाहन चोरी निरोधक दस्ते ने 50, और नेब सराय थाने की टीम ने 100 मोबाइल बरामद किए। बाकी पुलिस टीमों ने भी करीब 100 फोन जब्त किए। यह कार्रवाई दिल्ली में बढ़ती मोबाइल चोरी की घटनाओं को रोकने की दिशा में बड़ा कदम है।
CEIR पोर्टल से आसान हुई कार्रवाई Delhi Police Mobile Recovery
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) अंकित चौहान ने बताया कि मोबाइल चोरी और झपटमारी की घटनाओं को देखते हुए गृह मंत्रालय और दूरसंचार विभाग ने सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) पोर्टल शुरू किया है।
इस पोर्टल के जरिए लोग दिल्ली पुलिस की वेबसाइट पर जाकर चोरी या गुम हुए फोन की शिकायत दर्ज कर सकते हैं। साथ ही, फोन के IMEI नंबर को ब्लॉक कर सकते हैं, जिससे चोरों के लिए इन फोनों की तस्करी करना मुश्किल हो जाता है।
मालिकों को लौटाए गए फोन
पुलिस ने जेबकतरों, लुटेरों और चोरी के फोन खरीदने वालों के खिलाफ शानदार कार्रवाई की है। शनिवार को एक समारोह में 101 मोबाइल फोन उनके मालिकों को लौटाए गए।
इस सफलता से न सिर्फ जनता का पुलिस पर भरोसा बढ़ेगा, बल्कि पुलिसकर्मियों का हौसला भी बुलंद होगा। बाकी बरामद फोनों को जल्द ही उनके मालिकों तक पहुंचाने के लिए एक और कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।













