अंबाला (Super-100): बुनियाद मिशन व सुपर-100 को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम जिलेभर में करवाए जाएंगे। सोमवार को साहा खंड के विद्यार्थियों के लिए खंड स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम करवाया जाएगा।
इस कार्यक्रम में खंड के सभी राजकीय मिडल और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों से 8वीं व 10वीं कक्षा के तीन-तीन टॉपर विद्यार्थी पहुंचेंगे। उनके साथ अभिभावक व स्कूल से एक शिक्षक होंगे।
कार्यक्रम में विकल्प फाउंडेशन से पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा मुख्य तौर पर शिरकत करेंगे। वहीं, विभाग की ओर से सुपर-100 और बुनियाद मिशन में दाखिले बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ कार्यकारी विवेक मिश्रा ने बताया कि जागरूकता कार्यक्रम में राजकीय मिडल व वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों से कक्षा 8वीं व 10वीं के टॉप तीन विद्यार्थी बुलाए जाएंगे। इसी तरह सुपर-100 परीक्षा को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया जाएगा।
यह है Super-100 कार्यक्रम
सुपर-100 योजना का उद्देश्य 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों को आईआईटी और मेडिकल की निशुल्क कोचिंग प्रदान करना है। इस कार्यक्रम के माध्यम से पिछले चार वर्षों में करीब 200 से अधिक छात्रों को आईआईटी, एनआईटी और सरकारी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश मिला है।
जागरूकता और सेमिनार का यह है उद्देश्य
शिक्षा विभाग और विकल्प फाउंडेशन की ओर से खंड स्तर पर सेमिनार का आयोजन किया जाएगा ताकि स्कूलों के छात्रों को इन कार्यक्रम के फायदों के बारे में जागरूकता हो सके। इस सेमिनार के माध्यम से बच्चों को सरकारी योजना के लाभ के बारे में समझाया जा रहा है और उन्हें इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
मिशन बुनियाद में चल रहे पांच केंद्र
मिशन बुनियाद के अंतर्गत, नौंवी और दसवीं कक्षा के छात्रों के लिए एक डिजिटल प्लेटफॉर्म की शुरुआत की गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के बीच में एक स्वतंत्र, सकारात्मक और प्रतिस्पर्धी भावना बढ़ाना, ताकि वह अपने आगामी जीवन की चुनौतियों का सामना कर सकें। जिले में पांच बुनियाद सेंटर राजकीय स्कूलों में चल रहे हैं।













