CM Nayab Saini Singapore SING Forum: हरियाणा को अंतरराष्ट्रीय पटल पर औद्योगिक और तकनीकी महाशक्ति बनाने के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिंगापुर दौरे के दूसरे दिन ‘सिंग’ फोरम को संबोधित किया। सिंगापुर इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) के इस उच्चस्तरीय मंच पर सिंगापुर के शीर्ष उद्योगपति, निवेशक और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मौजूद रहे। मुख्यमंत्री सैनी ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि उनकी सरकार का लक्ष्य हरियाणा को सिर्फ विनिर्माण केंद्र तक सीमित रखना नहीं है, बल्कि इसे भारत की नई ‘इनोवेशन कैपिटल’ के रूप में स्थापित करना है।
ईज ऑफ डूइंग से स्पीड ऑफ डूइंग बिजनेस
मुख्यमंत्री ने सिंगापुर (Nayab Singh Saini Singapore visit) के व्यापारिक जगत को संबोधित करते हुए प्रशासनिक प्राथमिकताओं में आए बड़े बदलाव को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा अब केवल ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ पर नहीं, बल्कि ‘स्पीड ऑफ डूइंग बिजनेस’ की नीति पर आगे बढ़ रहा है। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि निवेशकों का बहुमूल्य समय सरकारी फाइलों और अनुमोदनों की प्रतीक्षा में न अटके। निवेशकों को केवल रियायती जमीन या प्रोत्साहन पैकेज ही नहीं, बल्कि त्वरित निर्णय, प्रशासनिक समर्थन, निश्चितता और जवाबदेह शासन मुहैया कराया जाएगा।
ऐतिहासिक संबंध और चार बड़े सेक्टर्स
हरियाणा (Haryana Innovation Capital) और सिंगापुर के बीच मजबूत आर्थिक संबंधों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 में 3.8 बिलियन सिंगापुर डॉलर से अधिक के पांच बड़े समझौते किए गए थे। उसी का परिणाम है कि असेंडास-सिंगब्रिज ने गुरुग्राम में आधुनिक इंटरनेशनल टेक पार्क स्थापित किया। अब इस रिश्ते को चार बड़े क्षेत्रों में नए स्तर पर ले जाने की तैयारी है:
पहला क्षेत्र लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन है, जहां दिल्ली-एनसीआर के केंद्र में स्थित हरियाणा अपनी एक्सप्रेसवे और फ्रेट कनेक्टिविटी का बड़ा लाभ दे सकता है। दूसरा क्षेत्र शहरी विकास और रियल एस्टेट का है, जिसमें सिंगापुर की विशेषज्ञता का उपयोग गुरुग्राम और आसपास इंटीग्रेटेड टाउनशिप बनाने में होगा। तीसरा क्षेत्र टेक्नोलॉजी और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (जीसीसी) का है, जहां सिंगापुर की आईटी और वित्तीय कंपनियां अपने केंद्र खोल सकती हैं। चौथा क्षेत्र एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग और सेमीकंडक्टर का है, जहां ऑटोमोबाइल हब के बाद हरियाणा अब चिप और इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है।
हरियाणा न्यूज़ पोस्ट पर ये भी पढ़ें: गुरुग्राम में बनेगा सिंगापुर जैसा कन्वेंशन सेंटर, सीएम नायब सिंह सैनी ने 25 एकड़ के प्रोजेक्ट का किया एलान
शिक्षा में साझेदारी और 2,000 नए रोजगार
मानव संसाधन विकास के क्षेत्र में हालिया प्रगति का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार ने सिंगापुर के विख्यात ‘ग्लोबल स्कूल्स ग्रुप’ के साथ एक अहम समझौता किया है। इस साझेदारी के तहत राज्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर का के-12 शिक्षा इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना के माध्यम से प्रदेश के स्थानीय युवाओं के लिए लगभग दो हजार प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
दीर्घकालिक साझीदार बनने का खुला आमंत्रण
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विदेशी उद्योगपतियों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि वे हरियाणा, गुरुग्राम, मानेसर और राज्य के औद्योगिक क्लस्टर्स का अध्ययन करें। सरकार उनकी जरूरतों के मुताबिक औद्योगिक नीतियां और जरूरी ढांचा तैयार करने के लिए पूरी तरह तत्पर है। उन्होंने अपील की कि भारत और सिंगापुर के संबंधों को केवल सरकारी समझौतों से आगे बढ़ाकर ‘बिजनेस-टू-बिजनेस’ और मजबूत इकोसिस्टम में तब्दील किया जाना चाहिए, ताकि दोनों अर्थव्यवस्थाएं मिलकर टिकाऊ विकास के नए आयाम छू सकें। #NayabSinghSaini #HaryanaDevelopment #SingaporeVisit #SINGForum











