चंडीगढ़, 19 मई (हरियाणा न्यूज पोस्ट)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के आह्वान को जन-आंदोलन बनाने के लिए हरियाणा सरकार पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। इसी मुहिम के तहत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार सुबह अचानक चंडीगढ़ स्थित सुखना लेक पहुंचे। मुख्यमंत्री ने न सिर्फ वहां मॉर्निंग वॉक कर रहे आम नागरिकों से मुलाकात कर ‘स्वस्थ भारत-स्वस्थ हरियाणा’ का नारा दिया, बल्कि खुद साइकिल चलाकर प्रदेशवासियों को ईंधन बचाने और प्रदूषण कम करने का सीधा संदेश दिया।
मिडल ईस्ट के हालातों के बीच सरकार ने जारी की नई एसओपी
सुखना लेक पर मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों और मिडल ईस्ट (मध्य पूर्व) में बने युद्ध के हालातों को देखते हुए ऊर्जा संरक्षण बेहद जरूरी हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए पेट्रोल-डीजल की बचत, इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) का अधिक इस्तेमाल और सुरक्षित यात्रा समय की मांग है। इसी को ध्यान में रखते हुए हरियाणा सरकार ने सरकारी विभागों के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी की है, जिसके तहत अनावश्यक यात्राओं की जगह वर्चुअल मीटिंग्स और वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा दिया जाएगा।
विपक्ष से मांगा साथ
मुख्यमंत्री ने देश की सामूहिक शक्ति का जिक्र करते हुए कहा कि जब कोरोना काल में प्रधानमंत्री ने देशवासियों से सहयोग मांगा था, तब पूरा देश एक साथ खड़ा हुआ था और हम संकट से बाहर निकले थे। आज फिर वैसी ही एकजुटता की जरूरत ऊर्जा और पर्यावरण के क्षेत्र में है। इसके साथ ही उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विकसित भारत का संकल्प किसी एक पार्टी का नहीं बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है, इसलिए विपक्ष को भी राजनीति से ऊपर उठकर इस राष्ट्रीय मुहिम में सरकार का कंधा मजबूत करना चाहिए।
पानीपत के चुलकाना धाम के लिए बनेगा श्राइन बोर्ड, सैनी कैबिनेट ने अध्यादेश को दी मंजूरी
फरीदाबाद की घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग सख्त, अब 24 घंटे खुले रहेंगे सरकारी अस्पतालों के गेट
ज़मीनी हकीकत, ब्रेकिंग न्यूज़ और जिलेवार अपडेट के लिए Haryana News Post से जुड़े रहें।











