कैथल (Kaithal Morning News)। बदले मौसम के दौरान एक तरफ जहां नागरिक अस्पताल में बुखार और खांसी के मरीजों की संख्या बढ़ रही है तो वहीं लगातार जिला से आ रहे डेंगू के मामलों ने भी चिंता में डाल दिया है। जिले में डेंगू मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। संख्या 62 तक पहुंच गई है। वहीं इस सीजन में चिकनगुनिया के भी दो नए केस सामने आ चूके हैं। डेंगू च चिकनगुनिया के मामले बढ़ने पर विभाग सतर्क हो गया है।
Kaithal Morning News: पंचायतों के पास मशीन तक नहीं
डोर-टू-डोर अभियान चलाते हुए लार्वा की जांच की जा रही है। जहां लार्वा मिलता है, वहां दवाई का छिड़काव किया जा रहा है। हालांकि, डेंगू के मामले बढ़ने के बावजूद फोगिंग नहीं हो रही है। इस कारण लोगों में रोष है। लोगों का कहना है कि नगर पालिका व पंचायतों को यह कार्य दिया गया है, लेकिन फोगिंग के लिए कई पंचायतों के पास तो मशीन तक नहीं है, ऐसे में कैसे डेंगू व चिकनगुनिया से बचाव हो पाएगा।
बता दें कि जिले में 930 टीमें विभाग की मलेरिया व डेंगू से बचाव को लेकर डोर-टू-डोर सर्वे कर रही हैं। लोगों को बीमारी से बचाव के लिए पानी के बर्तनों की सफाई करने, कूलर, फ्रिज की ट्रे, छत पर रखा पुराना सामान, गमले व घरों के बाहर जमा पानी की सफाई बारे जागरूक किया जा रहा है। जागरूक किया जा रहा है कि अपने आसपास सफाई का विशेष रूप से ध्यान रखें।
जिला स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. नीरज मंगला ने बताया कि डेंगू व मलेरिया से बचाव बारे लोगों को जागरूक किया जा रहा है। डेंगू के अब तक 60 व चिकनगुनिया के दो केस इस सीजन में सामने आ चूके हैं। लोगों को डेंगू व चिकनगुनिया से बचाव बारे जागरूक किया जा रहा है।
डॉ. अंबेडकर मेधावी छात्रवृत्ति योजना में मिलेगी
कैथल। डीसी प्रीति ने बताया कि सामाजिक न्याय और अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अल्पसंख्यक (सेवा) विभाग हरियाणा की ओर से संचालित डॉ. अंबेडकर मेधावी छात्रवृत्ति संशोधित योजना वर्ष 2025-26 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। छात्र-छात्राएं इस योजना का लाभ उठाने हेतु आवेदन पत्र 31 जनवरी तक पोर्टल पर जमा कर सकते हैं।
डीसी ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर बढ़ती प्रतिस्पर्धा के युग में अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग, विमुक्त घुमंतु, टपरीवास श्रेणी एवं अन्य वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को अधिक से अधिक आर्थिक सहयोग एवं प्रोत्साहन प्रदान करने के उद्देश्य से यह योजना चलाई जा रही है। इस योजना के तहत पात्र छात्र-छात्राओं को उनकी श्रेणी, कक्षा तथा प्राप्तांक के आधार पर आठ हजार रुपये से 12 हजार रुपये तक की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि निर्धारित मानदंडों के अनुसार अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को 10वीं कक्षा में शहरी क्षेत्रों में 70 प्रतिशत एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर आठ हजार रुपये, 12वीं कक्षा में क्रमश: 75 प्रतिशत एवं 70 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर आठ हजार रुपये से 10 हजार रुपये तक तथा स्नातक स्तर पर 65 प्रतिशत (शहरी) और 60 प्रतिशत (ग्रामीण) अंक प्राप्त करने पर नौ हजार रुपये से 12 हजार रुपये तक की छात्रवृत्ति दी जाएगी।
इसी प्रकार, पिछड़ा वर्ग (ए) के विद्यार्थियों को 10वीं कक्षा में 70 प्रतिशत (शहरी) एवं 60 प्रतिशत (ग्रामीण) अंक प्राप्त करने पर आठ हजार रुपये, पिछड़ा वर्ग (बी) के विद्यार्थियों को 10वीं कक्षा में 80 प्रतिशत (शहरी) एवं 75 प्रतिशत (ग्रामीण) अंक प्राप्त करने पर आठ हजार रुपये तथा सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों को 10वीं कक्षा में 80 प्रतिशत (शहरी) एवं 75 प्रतिशत (ग्रामीण) अंक प्राप्त करने पर आठ हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए छात्र-छात्राओं द्वारा पास की गई कक्षा की अंकतालिका, जाति प्रमाण पत्र, हरियाणा का स्थायी निवास प्रमाण पत्र, परिवार पहचान पत्र (फैमिली आईडी), आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण, वर्तमान कक्षा का आईडी कार्ड एवं अभिभावक की वार्षिक आय 4 लाख रुपये से कम का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य है। यह भी स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा।
पीएम सूर्य घर – मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाएं पात्र नागरिक
कैथल। डीसी प्रीति ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा पीएम सूर्य घर – मुफ्त बिजली योजना शुरू की गई है। अंत्योदय परिवार जिनकी सालाना आय 1.80 लाख से कम है व जिनकी सालाना बिजली खपत 2400 युनिट तक है, वे दो किलोवाट तक का सोलर पैनल लगवाने पर भारत सरकार की ओर से 60 हजार रुपये व हरियाणा सरकार की ओर से 50 हजार रुपये अनुदान यानि कि कुल 1.10 लाख रुपये का अनुदान प्राप्त कर सकते हैं।
जिन परिवारों की सालाना आय तीन लाख रुपये तक है व जिनकी सालाना बिजली खपत 2400 युनिट तक है वो परिवार दो किलोवाट तक का सोलर पैनल लगवाने पर भारत सरकार की ओर से 60 हजार रुपये व हरियाणा सरकार की ओर से 20 हजार रुपये का अनुदान यानि कि कुल 80 हजार रुपये का अनुदान प्राप्त कर सकते हैं। इसके बाद तीन किलोवाट तक का सोलर पैनल लगवाने पर भारत सरकार की ओर से 78 हजार रुपये का अनुदान दिया जाएगा।











