Shahabad Paddy Procurement Protest : कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद कस्बे में सोमवार को धान खरीद में देरी को लेकर किसानों का सब्र टूट गया। भारतीय किसान यूनियन (चढूनी गुट) के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी के आह्वान पर सैकड़ों किसान शहीद उधम सिंह स्मारक पर एकत्र हो गए। प्रशासन की सुस्त कार्यप्रणाली के खिलाफ नारेबाजी करते हुए किसानों ने तुरंत सरकारी खरीद और उठान शुरू करने की मांग उठाई। इस प्रदर्शन के चलते जीटी रोड बेल्ट पर अचानक तनाव बढ़ गया है।
लाठियां लेकर स्मारक पहुंचे किसान
गुरनाम सिंह चढूनी (gurnam singh chaduni shahabad) ने एक वीडियो संदेश जारी कर किसानों को लाठियां लेकर शाहाबाद पहुंचने को कहा था। इस अपील के बाद बड़ी तादाद में किसान हाथों में लाठियां थामकर स्मारक परिसर पहुंचे। किसानों का कहना है कि वे कई दिनों से अनाज मंडियों में अपनी फसल लेकर बैठे हैं। सरकारी खरीद और उठान की प्रक्रिया ठप होने से खुले आसमान के नीचे पड़ी फसल खराब होने की कगार पर पहुंच चुकी है।
चढूनी की आर-पार की चेतावनी
भाकियू प्रमुख गुरनाम सिंह चढूनी ने प्रशासन को दो-टूक शब्दों में चेतावनी दी। चढूनी ने कहा, “अगर पुलिस प्रशासन ने किसानों पर बल प्रयोग किया तो इस बार किसान खामोश नहीं रहेंगे और आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे।” उन्होंने स्पष्ट किया कि अन्नदाता अपनी मेहनत की फसल (haryana kisan andolan) की खरीद को लेकर किसी भी स्तर की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं करेगा।
मंडियों में 60 फीसदी आवक
आंदोलनकारी किसानों के अनुसार शाहाबाद और आसपास की मंडियों में पीआर धान की करीब 60 प्रतिशत (kurukshetra mandi dhan procurement) आवक पूरी हो चुकी है। इसके बावजूद सरकारी स्तर पर उठान और खरीद का सिस्टम पूरी तरह लड़खड़ाया हुआ है। किसानों का सीधा आरोप है कि विभागीय पोर्टल वेरिफिकेशन और राइस मिलर्स के रजिस्ट्रेशन की कागजी प्रक्रिया अब तक अधूरी है, जिसका सीधा खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है।
हरियाणा न्यूज़ पोस्ट पर ये भी पढ़ें: हरियाणा बनेगा भारत की इनोवेशन कैपिटल: सिंगापुर के ‘सिंग’ फोरम में सीएम नायब सिंह सैनी का बड़ा विजन
सरकारी आदेश पर उठाए सवाल
गुरनाम सिंह चढूनी ने हरियाणा सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, “केंद्र सरकार की ओर से धान खरीद का पत्र जारी किए जाने के बावजूद हरियाणा सरकार की ओर से खरीद का आधिकारिक पत्र जारी नहीं किया गया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी बैठकों में मांगें मान लेते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर उन फैसलों को लागू नहीं किया जाता। चढूनी ने पिछले आंदोलन की याद दिलाते हुए कहा कि किसान इस बार पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरे हैं।
नेशनल हाईवे-44 पर पुलिस पहरा
किसानों के उग्र रुख को भांपते हुए अंबाला-दिल्ली नेशनल हाईवे-44 पर पुलिस प्रशासन ने कड़ा पहरा लगा दिया है। हाईवे पर जाम की स्थिति रोकने के लिए शहीद उधम सिंह स्मारक के आसपास मजबूत बैरिकेडिंग की गई है। मौके पर दंगा नियंत्रण वाहन, वाटर कैनन और आंसू गैस के दस्ते तैनात कर दिए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। #Kurukshetra #HaryanaNews #KisanAndolan #Shahabad #GurnamSinghChaduni











