अंबाला, (New Vande Bharat trains) : रेलवे ने बड़ा ऐलान किया है! जल्द ही फिरोजपुर से नई दिल्ली और लखनऊ से सहारनपुर के बीच दो नई वंदे भारत ट्रेनें दौड़ने वाली हैं। दोनों ट्रेनों को खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरी झंडी दिखाएंगे। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इनका संचालन 7 या 8 नवंबर से शुरू हो सकता है। इससे अंबाला मंडल से गुजरने वाली वंदे भारत ट्रेनों की तादाद 8 हो जाएगी। यात्रियों को जबरदस्त राहत मिलेगी, समय बचेगा और सफर तेज व सुरक्षित हो जाएगा।
फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत का पूरा शेड्यूल
नई वंदे भारत एक्सप्रेस हफ्ते में बुधवार को छोड़कर 6 दिन चलेगी। ट्रेन नंबर 26462 फरीदकोट से सुबह 7:55 बजे रवाना होकर 8:23 बजे फरीदकोट, 9:10 बजे बठिंडा, 10:26 बजे धुरी, 11:05 बजे पटियाला, 11:58 बजे अंबाला कैंट, 12:28 बजे कुरुक्षेत्र, 1:05 बजे पानीपत और दोपहर 2:35 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन 26461 दिल्ली से शाम 4 बजे चलेगी, 5 बजे पानीपत, 5:40 बजे कुरुक्षेत्र, 6:30 बजे अंबाला कैंट, 7:13 बजे पटियाला, 7:56 बजे धुरी, 9:15 बजे बठिंडा, 10:23 बजे फरीदकोट और रात 10:35 बजे फिरोजपुर कैंट पहुंचेगी। दोनों तरफ ट्रेन महज 6.30 घंटे में करीब 446 किमी की दूरी कवर करेगी।
लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत की समय सारिणी
ट्रेन 26504 लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत सोमवार को छोड़कर 6 दिन सुबह 5 बजे लखनऊ जंक्शन से चलेगी। 5:55 बजे सीतापुर, 7:10 बजे शाहजहांपुर, 8:08 बजे बरेली, 9:27 बजे मुरादाबाद, 10:45 बजे नजीबाबाद, 11:40 बजे रुड़की और दोपहर 12:45 बजे सहारनपुर पहुंचेगी। वापसी में 26503 सहारनपुर-लखनऊ वंदे भारत सोमवार को छोड़कर 6 दिन दोपहर 3 बजे सहारनपुर से रवाना होकर 3:45 बजे रुड़की, शाम 4:40 बजे नजीबाबाद, 6:10 बजे मुरादाबाद, 7:33 बजे बरेली, रात 8:38 बजे शाहजहांपुर, 9:50 बजे सीतापुर और 11 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी।
अंबाला मंडल से जल्द दो नई वंदे भारत एक्सप्रेस चलेंगी। एक फिरोजपुर से दिल्ली और दूसरी लखनऊ से सहारनपुर के बीच। 7 या 8 नवंबर से संचालन शुरू होने की उम्मीद है।
एनके झा, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल।













