Sonipat News: सोनीपत शहर में करीब 3,000 डार्क पॉइंट्स हैं, जहां रात में अंधेरा छाया रहता है, जिससे हादसों और अपराध का खतरा बना रहता है। अब नगर निगम ने इन जगहों को रोशन करने की ठानी है। दीपावली से पहले शहर में 12,500 LED लाइट्स लगाने की योजना है। पुरानी सोडियम लाइट्स की जगह ये नई LED लाइट्स लगाई जाएंगी।
कुछ लाइट्स पुराने टेंडर के तहत और बाकी नए टेंडर के जरिए लगेंगी। खास बात यह है कि LED लाइट्स से बिजली की खपत कम होगी, जिससे नगर निगम को हर महीने 50 लाख रुपये के बिल से राहत मिलेगी और यह घटकर 20 लाख रुपये रह जाएगा। यानी हर महीने 30 लाख रुपये की बचत होगी, जिसे शहर के विकास कार्यों में इस्तेमाल किया जाएगा।
मुख्य सड़कों पर तिरंगा लाइट्स
मिशन चौक से कालूपुर चुंगी तक 150 करोड़ रुपये की लागत से 150 तिरंगा लाइट्स और पोल लगाए जाएंगे। ये चार मीटर लंबी लाइट्स न सिर्फ रोशनी देंगी, बल्कि सड़कों को आकर्षक भी बनाएंगी। इस रास्ते पर लंबे समय से लाइट्स की मांग थी। इसके अलावा, गोहाना रोड पर छोटूराम चौक से सिटी सेंटर तक 40 नई 90 वाट की LED लाइट्स लगेंगी, जो पहले की 250 वाट की सोडियम लाइट्स की जगह लेंगी।
ये पुरानी लाइट्स बारिश में अक्सर खराब हो जाती थीं, जिससे रात में अंधेरा रहता था। 20 सितंबर तक इस रास्ते पर सभी लाइट्स लग जाएंगी। शनिवार को लाइट्स के पोल पहुंचा दिए गए हैं।
स्मार्ट सिस्टम से कंट्रोल
नगर निगम शहर में लाइट्स को कंट्रोल करने के लिए 108 नए पैनल लगाएगा, जिनमें 96 थ्री-फेज और 12 सिंगल-फेज पैनल होंगे। इन पैनल्स को सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल एंड मॉनिटरिंग सिस्टम (CCMS) से जोड़ा जाएगा, जिससे लाइट्स अपने आप ऑन-ऑफ होंगी। इससे बिजली की बर्बादी रुकेगी।
1.61 करोड़ रुपये की लागत से लगने वाले इस सिस्टम से कंट्रोल रूम में कर्मचारियों को लाइट्स की स्थिति, बिजली खपत और खराबी की जानकारी रियल टाइम में मिलेगी। इससे खराब लाइट्स जल्द ठीक होंगी, और लोगों को बार-बार नगर निगम में शिकायत करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नगर निगम के जेई अनिल ने बताया कि दीपावली से पहले मुख्य सड़कों पर लाइट्स लग जाएंगी, जिससे शहर पूरी तरह जगमग हो उठेगा।












