कुरुक्षेत्र (Sports News Haryana)। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के मल्टीपर्पज हॉल में 27वीं हरियाणा राज्य स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसका समापन बुधवार को हुआ। सीनियर वर्ग की आर्टिस्टिक सिंगल पुरुष श्रेणी में गुरुग्राम के अर्जुन ने स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया, जींद के सुमित को रजत और गुरुग्राम के जितेन ने कांस्य पदक हासिल किया। महिला वर्ग में हिसार की मधु वर्मा ने स्वर्ण पदक, फरीदाबाद की मनीषा ने रजत और पानीपत की रिया राणा ने कांस्य पदक जीता। यह जानकारी कंपटीशन डायरेक्टर डॉ. कोमल कौशिक ने दी।
Sports News Haryana: कमल ने स्वर्ण पदक जीता
इसके अलावा आर्टिस्टिक पेयर पुरुष वर्ग में पंचकूला के युक्त शर्मा व कमल ने स्वर्ण पदक जीता। जींद के सुमित व अभिषेक को रजत मिला और भिवानी के सोनू-अमित व गुरुग्राम के ऋषभ झा व स्वयम ने संयुक्त रूप से कांस्य जीता। महिला वर्ग में फरीदाबाद की मनीषा व अंजली ने स्वर्ण, सिरसा की दिया व कोमल ने रजत और पानीपत की प्रिया व रिया राणा ने कांस्य पदक हासिल किया।
रिदमिक पेयर पुरुष वर्ग में गुरुग्राम के ऋषभ झा व जितेन ने स्वर्ण पदक जीता। महिला वर्ग में पानीपत की भतेरी व देवी ने स्वर्ण हासिल किया। ट्रेडिशनल योगासन में पलवल के भविष्य ने पुरुष वर्ग में स्वर्ण जीता, महिला वर्ग में हिसार की मधु वर्मा ने दोबारा स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।
हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन और हरियाणा सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर से खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश में योग की बढ़ती लोकप्रियता और क्षमता को दर्शाया। समापन अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने बतौर अतिथि सभी विजेता खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया।
पूर्व मंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि आज योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का साधन नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की पहचान बन गया है। योग समाज को जोड़ने और सकारात्मक ऊर्जा से भरने का कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम अध्यक्ष हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य ने कहा कि विजेता खिलाड़ियों को अब राष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा, जो युवा खिलाड़ियों के लिए गर्व की बात है। मिट्टी से मेडल तक थीम पर आयोजित यह प्रतियोगिता युवाओं के लिए प्रेरणा बनी। इस मौके पर आईटीबीपी के सेनि आईजी ईश्वर सिंह दूहान, हरियाणा योगासन संघ सचिव युधवीर सिंह सहित अन्य सदस्य एवं खिलाड़ी मौजूद रहे।
हरियाणा राज्य कबड्डी प्रतियोगिता में सोनीपत व जींद का रहा दबदबा
कुरुक्षेत्र। सर्किट हाउस चौक के पास स्थित एक आश्रम में हरियाणा ओलंपिक संघ की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश से आई महिला व पुरुष टीमें विजय के लिए मैदान में उतरीं और रोमांचक मुकाबलों में अपने दमखम का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में सोनीपत की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। भिवानी की टीम द्वितीय रही और कैथल व रोहतक की टीमें संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं।
वहीं महिला वर्ग में जींद की टीम ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। चरखी दादरी की टीम दूसरे स्थान पर रही और हिसार व भिवानी की टीमें संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं।
समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने शिरकत की। इस दौरान जिला परिषद के उपाध्यक्ष धर्मपाल चौधरी और सचिव नसीब भी मौजूद रहे।
पुलिस ने किया 27वें हरियाणा स्टेट खेल में खिलाड़ियों को जागरूक
कुरुक्षेत्र। पुलिस की ओर से साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए साइबर राहगिरी कार्यक्रम चलाए हुए हैं। इसके तहत साइबर थाना की टीम ने सेक्टर आठ में आयोजित गुरुवार को 27वें हरियाणा स्टेट खेलों में भाग ले रहे खिलाड़ियों को साइबर ठगी से बचाव की जानकारी दी।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार आयोजन स्थल पर जागरूकता बोर्ड लगाए गए। साइबर थाना प्रभारी महेश कुमार ने खिलाड़ियों को बताया कि ठग खुद को बैंक अधिकारी, तकनीकी सहायक या परिचित बनाकर भरोसा जीतते हैं। लोन एप, गेम या इनाम के बहाने एपीके फाइल भेजी जाती है, जिसे डाउनलोड करने पर मैलवेयर फोन में घुसकर कैमरा, माइक्रोफोन, गैलरी, संपर्क सूची, बैंक एप्स और ओटीपी चुरा लेते हैं।
टीम ने मोबाइल लत की गंभीरता के बारे में बताते हुए खिलाड़ियों को शारीरिक, मानसिक व शैक्षिक विकास के लिए प्रोत्साहित किया। साइबर फ्रॉड से बचने के उपाय सुझाए गए। किसी घटना में तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करने की सलाह दी। नशे के विरुद्ध मानस पोर्टल या फिर 1933 पर सूचना देने के लिए भी जागरूक किया गया।
ट्रैक साइक्लिंग में फतेहाबाद और कुरुक्षेत्र का दबदबा
कुरुक्षेत्र। हरियाणा ओलंपिक संघ द्वारा आयोजित राज्य खेल उत्सव के ट्रैक साइक्लिंग मुकाबले अमीन स्टेडियम में साइक्लिंग ट्रैक में संपन्न हुए। बुधवार को हुए समापन समारोह में पूर्व आईपीएस डॉ. हरीश कुमार रंगा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने कहा कि खेल शरीर को हमेशा ऊर्जावान बनाए रखते हैं। युवाओं को अनुशासन और फिटनेस की प्रेरणा दी। विजेताओं को डॉ. रंगा, हरियाणा राज्य साइक्लिंग संघ के उपाध्यक्ष हरबंस सिंह औझला, पूर्व एचसीएस अधिकारी सतीश कत्याल सहित अन्य सदस्यों ने विजेताओं को पदक पहनाकर सम्मानित किया।
हरियाणा राज्य साइक्लिंग संघ के महासचिव नीरज तंवर ने बताया कि महिला टीम स्प्रिंट में कुरुक्षेत्र ने 1:59:062 मिनट का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता। फतेहाबाद ने 2:00:925 मिनट के साथ रजत तथा हिसार ने 2:08:653 मिनट में कांस्य पदक हासिल किया। 3000 मीटर परस्यूट महिला वर्ग में फतेहाबाद की शोभा ने 4:53:395 मिनट में स्वर्ण जीता। वहीं आशा रानी फतेहाबाद ने 4:53:580 मिनट में रजत और करनाल की अंशु देवी ने 4:58:121 मिनट में कांस्य पदक जीता।
15 किलोमीटर स्क्रैच रेस पुरुष वर्ग में कुरुक्षेत्र के विवेक ने स्वर्ण, झज्जर के रवि ने रजत तथा करनाल के अंगद ने कांस्य पदक जीता।
10 किलोमीटर स्क्रैच रेस महिला वर्ग में फतेहाबाद की आशा रानी ने स्वर्ण, शोभा ने रजत और कुरुक्षेत्र की शगुन ने कांस्य पदक हासिल किया। टीम स्प्रिंट पुरुष वर्ग में फतेहाबाद ने 1:46:00 मिनट में स्वर्ण, कुरुक्षेत्र ने 1:48:686 में रजत और झज्जर ने 1:49:038 में कांस्य जीता।
4000 मीटर टीम परस्यूट पुरुष वर्ग में फतेहाबाद ने स्वर्ण, कुरुक्षेत्र ने रजत और करनाल ने कांस्य पदक जीता। वहीं 3000 मीटर टीम परस्यूट महिला वर्ग में भी फतेहाबाद ने स्वर्ण, कुरुक्षेत्र ने रजत और करनाल ने कांस्य पाकर शानदार प्रदर्शन किया। साइकिलिंग कोच पंजाब सिंह ने बताया कि रोड रेस छह व सात नवंबर को शाहाबाद-इस्माईलाबाद रोड पर आयोजित होगी। इस मौके पर हरियाणा राज्य साइक्लिंग संघ सहसचिव जगदीश असीजा, कंपटीशन डायरेक्टर प्रवीण कुमार, साई कोच कुलदीप सिंह सहित कई खेल अधिकारी, कोच और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
दीपक सैनी को विज ने दी शुभकामनाएं
अंबाला। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने बुधवार को शाहपुर के शूटर दीपक सैनी को गत दिनों पैरा शूटिंग वर्ल्ड कप में स्वर्ण पदक जीतने पर शुभकामनाएं दी। उन्होंने खिलाड़ी को 11 हजार रुपये अपने स्वैच्छिक कोष से प्रोत्साहन स्वरूप प्रदान किए। विज ने शूटर दीपक सैनी को पदक पहनाकर सम्मानित किया और भविष्य में भी बेहतरीन प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
मंत्री ने कहा कि दीपक सैनी ने प्रतियोगिता में पदक जीतकर देश व हरियाणा का नाम रोशन किया है और यह हम सभी के लिए गर्व के क्षण है। शूटर दीपक सैनी ने कहा कि मंत्री अनिल विज ने अंबाला छावनी में खेलों का ढांचा मजबूत किया है, इस वजह से आज खिलाड़ी विश्व पटल पर बेहतर प्रदर्शन कर पदक जीत रहे हैं। दीपक सैनी ने बताया कि उसने गत दिनों 26 अक्तूबर से 2 नवंबर तक दुबई में आयोजित की गई पैरा शूटिंग वर्ल्ड कप 2025 में हिस्सा लिया था और 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। इस अवसर पर मार्केट कमेटी से चेयरमैन बलविंद्र सिंह शाहपुर, शाहपुर से भाजपा कार्यकर्ता लेखराज सैनी, राजीव के अलावा अन्य लोग मौजूद रहे।
करनाल के मुक्केबाज राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छाए
करनाल। कर्ण नगरी के दो मुक्केबाजों ने राष्ट्रीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीते है। यह प्रतियोगिता अरुणाचल प्रदेश के इटानगर में 27 अक्तूबर से तीन नवंबर तक आयोजित हुई। प्रतियोगिता के अंडर 17 मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए समीर व ऐंजल ने पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है।
कोच सुरेंद्र चौहान ने बताया कि दोनों खिलाडियों ने एसएफआई गेम में बेहतरीन प्रदर्शन कर यह मुकाम पाया है। इस प्रतियोगिता में करनाल से तीन मुक्केबाजोंं मयंक नरवाल, समीर व ऐंजल ने प्रतिभाग किया। इनमें से दो ने स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश व जिले का नाम रोशन किया। उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता से पहले क्वालीफाईंग प्रतियोगिता महेंद्रगढ़ में 10 से 15 सितंबर तक आयोजित हुई। इसमें निकिता, समीर, मयंक व एंजल ने तीन स्वर्ण, खुशी व परिमंडल ने तीन रजत व एक कांस्य पदक जीतकर नेशनल में जगह बनाई। इनमें से तीन खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया और दो ने पदक जीते।
पुरुष वर्ग में मेजबान ने किया सेमीफाइनल में प्रवेश
करनाल। हरियाणा ओलंपिक संघ की ओर से आयोजित चारदिवसीय 57वीं फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन करनाल और फरीदाबाद की टीम के बीच का मैच 1-1 से ड्रॉ रहा। अंक तालिका में मेजबान टीम के अंक ज्यादा होने के कारण वह सेमीफाइनल में प्रवेश कर गई। महिला वर्ग में रोहतक की टीम ने रेवाड़ी की टीम को 4-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
पुरुष वर्ग में छह और महिला वर्ग में 10 मुकाबले खेले गए। महिला वर्ग में चरखी दादरी और सोनीपत के बीच मैच के दौरान चरखी दादरी की खिलाड़ी गिर गई। सोनीपत की टीम की खिलाड़ी के पीछे से धक्का देने से ऐसा हुआ। सोनीपत की टीम को रेफरी ने फाउल दिया। ऐसे ही करनाल और फरीदाबाद की टीम के बीच चल रहे मैच में गोल मारते वक्त फरीदाबाद का खिलाड़ी चोटिल हो गया, लेकिन रेफरी का उस और ध्यान नहीं गया। करनाल टीम के गोलकीपर ने मैच को बीच में रुकवा कर डॉक्टरों की टीम को बुलाकर खिलाड़ी का इलाज करवाया। मैच में दोनों टीम के खिलाड़ियों को बार-बार फाउल करने की वजह से पीला कार्ड भी मिला।
सभी मैच 35-10-35 समय के हिसाब से खेले जा रहे है। महिलाओं का मुकाबला देखने व उनका हौसला बढ़ाने के लिए भीम अवार्ड से नवाजीत हरियाणा पुलिस में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात कविता गोयत पहुंचीं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को मैच के लिए शुभकामनाएं दीं। कहा कि खेल को खेल भावना के साथ खेलना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक समय था, जब महिलाओं को घर की चारदीवारी में कैद कर के रखा जाता था, लेकिन आज के युग में महिलाएं हर एक क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है।
प्रतियोगिता के परिणाम
पुरुष वर्ग
पानीपत ने जींद को 1-0 से हराया
सिरसा ने कुरुक्षेत्र को 2-0 से हराया
पानीपत ने बिजली निगम सिरसा को 2-0 से हराया
झज्जर ने कुरुक्षेत्र को 3-0 से हराया
महिला वर्ग
करनाल ने फरीदाबाद को 3-2 से हराया
शाह सतनाम सिरसा ने यमुना नगर को 5-3 से हराया
सोनीपत ने चरखीदादरी को 6-2 से हराया
भिवानी ने करनाल को 1-0 से हराया
हिसार ने यमुना नगर को 12-1 हराया
सोनीपत ने चरखीदादरी को 1-0 से हराया
रोहतक ने रेवाड़ी को 6-0 से हराया
भिवानी ने फरीदाबाद को 2-0 से हराया
इंटर जोनल युवा महोत्सव में प्रतिभा दिखाएंगे 2000 प्रतिभागी
पानीपत। आर्य पीजी महाविद्यालय में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय 46वें इंटर जोनल युवा महोत्सव का मंच तैयार हो चुका है। प्रदेश के 300 महाविद्यालयों के करीब 2000 प्रतिभागी अपनी विधाओं में प्रतिभा दिखाने को तैयार हैं। महोत्सव के सफल व व्यवस्थित आयोजन को लेकर महाविद्यालय में छह मंच तैयार किए गए हैं जहां अलग-अलग विधाओं में प्रतिभागी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के युवा एवं सांस्कृतिक विभाग के निर्देशानुसार आर्य पीजी महाविद्यालय में इंटर-जोनल युवा महोत्सव का आयोजन 6 से 8 नवंबर को किया जाएगा। युवा महोत्सव मे करनाल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, अंबाला जोन एवं यूटीडी कुरुक्षेत्र के 300 महाविद्यालयों के लगभग 2000 प्रतिभागी तीन दिन चलने वाले इस युवा महोत्सव में 40 विधाओं में अपनी प्रतिभा छटा बिखेरेंगे।
युवा महोत्सव के लिए बनाए गए मंच व पहले दिन के कार्यक्रम
1. ओपी सिंगला ऑडिटोरियम – स्वागत समारोह, पोप सोंग हरियाणवी, माइम।
2. भारतेंदू मंच – इंडियन ऑर्चेस्ट्रा, लोक नृत्य महिला, लूर डांस हरियाणवी, संस्कृत ड्रामा।
3. कॉन्फ्रेंस हॉल- फॉल्क सोंग जनरल, फॉल्क सोंग हरियाणवी, फॉल्क इंस्ट्रूमेंट सोलाे, ग्रुप सोंग इंडियन।
4. सेमिनार हॉल साइंस ब्लाॅक- ऑन द स्पॉट पेंटिंग, पोस्टर मेकिंग, रंगोली।
5. सेमिनार हॉल नजदीक लाइब्रेरी- क्विज, संस्कृत डिक्लेमेशन, क्विज फाइनल।
6. ओपन स्टेज कॉमर्स ब्लॉक- इस मंच पर केवल दूसरे दिन सांग कंपीटिशन आयोजित किया जाएगा।













