करनाल, (Kanjivaram Saree Trend): शादी का सीजन शुरू होते ही बाजार लहंगों के साथ साड़ियों से भी चमक रहा है। इस बार दक्षिण भारत की मशहूर कांजीवरम साड़ियां और पारंपरिक सिल्क साड़ियां महिलाओं का दिल जीत रही हैं। रॉयल लुक की चाह रखने वाली दुल्हनें गोल्डन बॉर्डर और रिच पल्लू वाली कांजीवरम चुन रही हैं। शादी से जुड़े फंक्शन्स के लिए महिलाएं चिकनकारी, जॉर्जेट, लहंगा साड़ी और बोल्ड बॉर्डर वाली साड़ियां खरीद रही हैं।
परिवार की महिलाओं का उत्साह
शादी सिर्फ दूल्हा-दुल्हन के लिए नहीं, पूरे परिवार के लिए खास होती है। घर की महिलाएं और कुंवारी लड़कियां बाजार में उत्साह से परिधान चुन रही हैं। पारंपरिक साड़ियों के साथ नेट, जॉर्जेट, ऑम्ब्रे और प्लेन साड़ियां भी खूब पसंद की जा रही हैं। कारोबारी बताते हैं कि हर साल ट्रेंड बदलता है, लेकिन पिछले एक साल से कांजीवरम और बनारसी का क्रेज है। हर महिला रॉयल और आकर्षक दिखने के लिए कांजीवरम को तरजीह दे रही है। बाजार में साड़ियां 800 रुपये से शुरू होकर 50 हजार तक उपलब्ध हैं।
शादी के बाद पहनने के लिए खरीदी कांजीवरम साड़ी
साड़ी खरीदने आई रीना ने बताया कि इसी महीने उनकी शादी है। वे कांजीवरम और बनारसी साड़ियां खरीद रही हैं। शादी के बाद पारंपरिक लुक वाली साड़ियां पहनावा खास बनाती हैं। उन्होंने सिल्क में कांजीवरम, बनारसी और बड़े बॉर्डर वाली साड़ियां चुनीं।
नन्द की शादी के लिए खरीदी लहंगा साड़ी
ग्राहक भावी ने कहा कि वे नन्द की शादी के लिए लहंगा साड़ी और रेडी टू वियर साड़ी ले रही हैं। लहंगा साड़ी लहंगे और साड़ी दोनों का लुक देती है। घर की महिलाओं को फंक्शन में तैयार होने कम समय मिलता है, इसलिए रिसेप्शन के लिए रेडी टू वियर साड़ी परफेक्ट है।
रॉयल लुक के साथ पारंपरिक पहनावे को दर्शाती है कांजीवरम साड़ी
दुकानदार गुरवरी ने बताया कि कांजीवरम की डिमांड सबसे ज्यादा है। गोल्डन जरी बॉर्डर, चौड़ा पल्लू, मंदिर, ताजमहल, हाथी और राजाओं वाले डिजाइन दुल्हनों की पहली पसंद हैं। लाल की जगह अब मरून, बॉटल ग्रीन, गोल्डन और पेस्टल पिंक शेड्स ट्रेंड में हैं। ये साड़ियां रॉयल लुक के साथ पारंपरिक स्टाइल को आकर्षक बनाती हैं। कीमत 1200 से 50 हजार तक। दुल्हनें बजट के हिसाब से महंगी साड़ियां भी खरीद रही हैं।
हर प्रकार के समारोह में केवल साड़ियों का ही चलन
दुकानदार अमन ने कहा कि अब हर शादी फंक्शन में साड़ी का चलन है। महिलाओं से युवतियां तक साड़ी पहन रही हैं। इस बार चिकनकारी, जॉर्जेट, बोल्ड प्रिंट्स, हैंडलूम, बड़े बॉर्डर, कांजीवरम, बनारसी, नेट, ऑर्गेंजा, तांत, शिफॉन, सिल्क और पूजा के लिए बांधनी साड़ियां ट्रेंड में हैं। हर साड़ी की अपनी खासियत है। युवतियों के लिए अलग डिजाइन, महिलाओं के लिए ट्रेंडी स्टाइल।
साड़ियों के प्रकार कीमत रुपयों में
कांजीवरम सिल्क 1500- 50,000
बनारसी साड़ी 1200-40,000
चिकनकारी साड़ी 3000-20,000
ऑग्रेंजा साड़ी 1200-8,000
नेट साड़ी 1500-5,000
लहंगा साड़ी 2000-10,000
कोरा सिल्क 2000-15,000
ऑर्गेंजा सिल्क 2500-15,000













