Google ने अपना नया AI इमेज जेनरेशन मॉडल Nano Banana 2 Lite लॉन्च किया है। कंपनी का दावा है कि यह मॉडल केवल 4 सेकंड में टेक्स्ट प्रॉम्प्ट से AI इमेज तैयार कर सकता है और अब तक का सबसे तेज व सबसे किफायती Gemini इमेज मॉडल है।
गूगल ने एआई टेक्नोलॉजी को आम डेवलपर्स और क्रिएटर्स के लिए अधिक किफायती और तेज बनाने के उद्देश्य से नया Nano Banana 2 Lite इमेज जेनरेशन मॉडल लॉन्च किया है। इसे जेमिनी 3.1 फ्लैश लाइट इमेज के तौर पर लिस्ट किया गया है। कंपनी ने इस टूल को खास तौर पर उन लोगों के लिए डिजाइन किया है, जिन्हें रोजाना भारी संख्या में एआई इमेज बनाने की जरूरत पड़ती है और जो कम समय में ज्यादा आउटपुट चाहते हैं। यह अब तक का सबसे तेज और सबसे सस्ता जेमिनी इमेज मॉडल साबित होने वाला है, जो सीधे तौर पर कंटेंट क्रिएशन के खर्च को कम करेगा।
नैनो बनाना 2 लाइट मॉडल की स्पीड और परफॉर्मेंस कैसी है?
इस नए एआई इमेज टूल की सबसे बड़ी खासियत इसकी बेजोड़ स्पीड है। यूजर जैसे ही कोई टेक्स्ट प्रॉम्प्ट टाइप करेगा, यह टूल सिर्फ 4 सेकंड के भीतर पूरी इमेज तैयार करके सामने रख देगा। तेज रफ्तार वाले क्रिएटिव वर्कफ्लो को ध्यान में रखकर बने इस मॉडल में लेटेंसी (प्रोसेसिंग टाइम) को बेहद कम रखा गया है। यह विजुअल आइडिया पर तुरंत काम करने, तेजी से प्रोटोटाइप डिजाइन करने और कम समय में हजारों की संख्या में तस्वीरें जनरेट करने के लिए बेहतरीन तरीके से काम करता है।
बड़े पैमाने पर काम करने वाले डेवलपर्स को कितना होगा आर्थिक फायदा?
गूगल ने इस मॉडल की कीमत को बेहद आक्रामक और आकर्षक रखा है, जिससे छोटे स्टार्टअप और स्वतंत्र डेवलपर्स पर आर्थिक बोझ न पड़े। कंपनी सिर्फ 0.034 डॉलर यानी भारतीय मुद्रा में लगभग 3.22 रुपये में 1,000 रिजॉल्यूशन इमेज जनरेट करने की सुविधा दे रही है। कम बजट वाले प्रोजेक्ट्स के लिए यह नैनो बनाना फैमिली का सबसे किफायती विकल्प बन गया है। तेज स्पीड और कम दाम होने के बावजूद गूगल का दावा है कि यह टेक्स्ट प्रॉम्प्ट को पूरी सटीकता से समझता है और इमेज के अंदर लिखे जाने वाले टेक्स्ट को बिल्कुल साफ और पढ़ने योग्य बनाता है।
हरियाणा न्यूज़ पोस्ट पर ये भी पढ़ें: UIDAI का बड़ा फैसला, बंद हुआ पुराना आधार ऐप, तुरंत डाउनलोड करें नया सुरक्षित Aadhaar App
Nano Banana 2 Lite किन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है?
Google ने इस नए AI इमेज मॉडल को Gemini API, Google AI Studio और Gemini Enterprise Agent Platform पर उपलब्ध करा दिया है। इसके अलावा कंपनी इसे चरणबद्ध तरीके से अपनी उपभोक्ता सेवाओं में भी शामिल कर रही है।
इन सेवाओं में Search का AI Mode, Gemini ऐप, Google Photos, NotebookLM, Google Flow और Google Ads शामिल हैं। इससे डेवलपर्स के साथ-साथ सामान्य उपयोगकर्ताओं को भी भविष्य में तेज AI इमेज जेनरेशन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।










