कैथल, (Kaithal AQI): शहर की हवा दिन-ब-दिन जहरीली होती जा रही है। सुबह और शाम तो हवा सबसे ज्यादा खराब रहती है, अब धुंध भी छा रही है। डॉक्टर साफ चेतावनी दे रहे हैं सुबह-शाम की वॉक बंद करो! बदलता मौसम और पॉल्यूशन मिलकर सांस-गले की बीमारियां बढ़ा रहे हैं। हवा की खराब क्वालिटी देखकर ही बाहर निकलो, यही सेहत के लिए सही है।
अस्पतालों में मरीजों की भीड़
नागरिक अस्पताल में रोज 65-70 मरीज सांस की तकलीफ लेकर पहुंच रहे हैं। इनमें 30 ओपीडी और 20 इमरजेंसी में आते हैं। आंखों के मरीज भी दोगुने हो गए – पहले 40-50 थे, अब 90-100। शाम को घर लौटते वक्त आंखों में जलन, पानी आना, लाल होना, खुजली आम हो गई है।
AQI 249, हवा गंभीर श्रेणी में
शनिवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 249 रहा – ये गंभीर कैटेगरी है। ऑक्सीजन कम, नाइट्रोजन ऑक्साइड, PM2.5 और PM10 खतरनाक स्तर पर। रविवार को PM2.5 174 और PM10 241 दर्ज हुआ। सिविल सर्जन डॉ. रेनू चावला कहती हैं – अस्थमा, फेफड़े, दिल के मरीज बढ़ रहे हैं। आंखों में जलन, गले में खराश, सिरदर्द आम। बच्चे-बुजुर्ग सबसे ज्यादा रिस्क में।
ये बरतें सावधानी
धूल-मिट्टी से आंख बचाओ। धूल वाली जगह पर काला चश्मा लगाओ। एलर्जी हो तो डॉक्टर से दवा लो। खेत या अनाज मंडी जा रहे हो तो चश्मा जरूरी, लौटकर आंखें साफ पानी से धोओ।













