अंबाला (Ambala Weather): राज्य में मौसम आमतौर पर 18 नवंबर तक मौसम खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवा हल्की से मध्यम गति से चलने के आसार हैं। इससे सुबह व शाम को हल्की ठंड रह सकती है। वहीं दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी लेकिन रात के तापमान में और गिरावट की संभावना है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि इस दौरान राज्य में अधिकतम तापमान 25 से 29 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 6 से 10 डिग्री सेल्सियस के मध्य रहने के आसार हैं।
Ambala Weather: प्रदूषण से मौसम धुंधला हो रहा
नवंबर में अभी तक ठंड कम ही हुई है। इसके साथ ही अभी तक कोहरा भी नहीं छाने लगा है। बीते वर्ष के मुकाबले अभी मौसम साफ चल रहा है। बीते वर्ष 17 नवंबर को घना कोहरा छाने लगा था। इससे आवाजाही में भी दिक्कत आई। अभी मौसम साफ होने के साथ धूप खिल रही है, हालांकि हवा में प्रदूषण होने से सुबह व शाम मौसम धुंधला हो रहा है।
वहीं, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर ने सड़कों पर सफेद पट्टी लगानी शुरू कर दी है ताकि वाहन चालकों को आगामी दिनों में पड़ने वाले घने कोहरे में कोई दिक्कत न आए। अंबाला-जलबेड़ा रोड पर भी सफेद पट्टी लगाई गई है। सोमवार को अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गयाा। हवा में प्रदूषण होने पर एक्यूआई 286 रिकॉर्ड किया गया।
किसानों ने गेहूं में पानी लगाना शुरू किया
किसानों ने कृषि विभाग के निर्देशानुसार आग न लगाकर फसल अवशेषों को सुपर सीडर के द्वारा धरती में ही मिला दिया है। परिणाम स्वरूप गेहूं की फसल प्रथम पानी के लिए तैयार हो चुकी है। खेतों में खरपतवार न हो इसके लिए किसानों ने पहले से ही स्प्रे किया हुआ है। खरपतवार के कारण गेहूं की पैदावार बिल्कुल ही कम होती थी।
किसान राजेंद्र कुमार, संतराम, सूरजभान आदि ने बताया कि वह गेहूं को प्रथम पानी देने लग गए हैं क्योंकि इस समय गेहूं पानी के लिए तैयार है। इसके अलावा मौसम भी सही साथ दे रहा है। वह वर्तमान समय की गेहूं की फसल को देखकर उम्मीद करते हैं कि उनके पास ज्यादा से ज्यादा गेहूं की पैदावार होगी।













