अंबाला (Ambala AQI Today): वायु प्रदूषण को लेकर लोगों की सांसें फूलने लगी हैं। एक दिन पहले शुक्रवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 259 था जो कि कुछ ही घंटों में बढ़कर 277 तक पहुंच गया है। इतना एक्यूआई हवा की खराब स्थिति को दिखाता है। वायु प्रदूषण में भी पीएम 2.5 की मात्रा अधिक है।
यानि अंबाला के लोग छोटे प्रदूषण के कणों का हर सांस के साथ शरीर में ले रहे हैं। इतने प्रदूषण ने अस्पताल में भी अस्थमा के मरीजों की ओपीडी को बढ़ा दिया है।
सिर्फ सरकारी ही नहीं बल्कि निजी अस्पतालों में भी ऐसे मरीज दम फूलने की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। शुनिवार को दिन के समय 26.3 डिग्री सेल्सियस व रात्रि तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
18 नवंबर तक मौसम खुश्क
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 18 नवंबर तक खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलने के आसार हैं।
जिससे सुबह व शाम को हल्की ठंड रह सकती है। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी परंतु रात्रि तापमान में हल्की गिरावट रहने की संभावना है। इस दौरान राज्य में अधिकतम तापमान 25 से 29 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 6 से 10 डिग्री सेल्सियस के मध्य रहने के आसार हैं।
ठंड बढ़ने से मरीजों का ओपीडी में इजाफा
कंसलटेंट फिजिशियन व आईएमए के पूर्व प्रधान डॉ. डीएस गोयल ने बताया कि मौसम बदलने और ठंड़ बढ़ने से मरीजों का ओपीडी में इजाफा हो रहा है। इसमें कफ, कोल्ड, अस्थमा, निमोनिया, एलर्जी के मरीज शामिल हैं। हाइपरटेंशन, हार्टअटैक, परालाइसिस ठंड लगने से ज्यादा आ रहे है।
ठंड लगने से निमोनिया गला खराब जुकाम खांसी, इंफ्लुएंजा के मामले भी सामने आ रहे हैं। वहीं उल्टी दस्त और पेट के इंफेक्शन के केसों में कमी आई है।
इस समय प्रदूषण और मौसम परिवर्तन से बच्चों बुजुर्गों का अधिक ध्यान रखने की जरूरत है।
कमरों को गर्म रखें, जंक फूड से बचें, ताजा भोजन करें। बुजुर्ग देरी से उठें और तब सैर करने जाएं, वहीं देरी से नहाएं।













