Kal Ka Mausam: मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि 8 सितंबर तक गुजरात में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहेगा।
8 सितंबर को गुजरात के कई हिस्सों में तेज बारिश हो सकती है, जबकि सौराष्ट्र और कच्छ में 8 और 9 सितंबर को अत्यधिक भारी बारिश की आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। आइए, जानते हैं देश के अन्य राज्यों में मौसम का हाल।
नया मौसमी तंत्र बना खतरा
मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब तीव्र होकर ‘वेल मार्क लो’ (WML) में बदल गया है। यह तंत्र वर्तमान में मध्य प्रदेश और पूर्वी राजस्थान के ऊपर है।
अगले 48 घंटों में यह और ताकतवर होकर 8 सितंबर की सुबह तक दक्षिणी राजस्थान और उत्तरी गुजरात में एक अवदाब क्षेत्र के रूप में केंद्रित हो सकता है। इसका असर गुजरात और राजस्थान में भारी बारिश के रूप में दिखेगा।
राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने राजस्थान के उदयपुर, कोटा और जोधपुर संभाग में अगले 3-4 दिनों तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है। उदयपुर संभाग के कुछ इलाकों में तो बहुत भारी बारिश की आशंका है।
इसके अलावा, भरतपुर, जयपुर और बीकानेर संभाग में भी मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। लोगों को जलजमाव और बाढ़ जैसी स्थिति के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई है।
पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड में भी बारिश का कहर
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड में 8 से 9 सितंबर तक कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। पंजाब में 10 सितंबर को और हरियाणा-चंडीगढ़ में 5, 8 से 10 सितंबर तक बारिश की संभावना है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में 9 सितंबर को कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान में 8 और 9 सितंबर को बहुत भारी बारिश का अलर्ट है।
मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों में बारिश की चेतावनी
पश्चिम मध्य प्रदेश में 6 सितंबर तक कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 6 और 7 सितंबर को बारिश की संभावना है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 8 से 10 सितंबर तक, जबकि बिहार में 8 से 10 सितंबर के बीच भारी बारिश के आसार हैं।
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की आशंका
मौसम विभाग के मुताबिक, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 8 और 9 सितंबर को कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश में 6 से 10 सितंबर तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। अगले 7 दिनों में पूरे पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और बिजली गिरने की भी संभावना है।













