करनाल (Karnal weather)। शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) तेजी से नीचे आया है। पांच दिन पहले रविवार को एक्यूआई 348 तक पहुंच गया था, जो गंभीर श्रेणी में आता है। वीरवार को यह घटकर 178 दर्ज किया गया। हालांकि यह स्तर भी हवा की खराब श्रेणी को दर्शाता है। अस्थमा, एलर्जी, बुजुर्गों और बच्चों के लिए हानिकारक हो सकता है। खुली हवा में कसरत से बचने, मास्क पहनने और घरों के अंदर वेंटिलेशन बनाए रखने की सलाह दी गई है।
Karnal weather: पानी का छिड़काव शुरू
नगर निगम ने वायु प्रदूषण कम करने के लिए शहर की मुख्य सड़कों, बाजारों और औद्योगिक क्षेत्रों में पानी का लगातार छिड़काव शुरू कराया है। निगम अधिकारियों के अनुसार रोजाना कई टैंकरों की सहायता से धूल उड़ने वाले स्थानों छिड़काव किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि निर्माण स्थलों पर कड़े निर्देश दिए गए हैं और ढीली मिट्टी पर पानी डालने व कवर लगाने की निगरानी की जा रही है।
तापमान में तेजी से गिरावट
पिछले दो दिनों में तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई है। सुबह-शाम ठंड बढ़ने के साथ ही हवा की गति कम हुई है। इससे शहर के कई इलाकों में स्मॉग छा रहा है। खासकर सुबह के समय विजिबिलिटी प्रभावित होने से वाहन चालकों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
हवा की गुणवत्ता
आगामी दिनों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में सुधार की संभावना है, लेकिन अभी भी मध्यम से खराब श्रेणी में रहेगा।
छह नवंबर को AQI 178।
पांच नवंबर को AQI 216।
चार नवंबर को AQI 270।
तीन नवंबर को AQI 280।
दो नवंबर को AQI 348।
एक नवंबर को AQI 251।
31 अक्तूबर को AQI 235।
हवा में धूल और प्रदूषण बना रहेगा, मास्क पहनें और बाहर निकलते समय सावधानी बरतें। वास्तविक मान में थोड़ा अंतर संभव।
प्रदूषण नियंत्रण अभियान जारी
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एसडीओ रणदीप सिंधू ने बताया कि आने वाले दिनों में भी प्रदूषण नियंत्रण गतिविधियां जारी रहेंगी। निगम से लेकर एचएसवीपी और डीटीपी को निर्देश जारी कर शहर के प्रवेश द्वारों, निर्माण स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पानी का छिड़काव करने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रयासों का असर दिखने लगा है। उम्मीद है कि मौसम सहयोगी रहा तो प्रदूषण स्तर और भी नीचे आएगा।
डेंगू के दो मरीज और मिले
जिले में वीरवार को डेंगू के दो मरीज और मिले हैं। इसके बाद मरीजों की संख्या बढ़कर 174 हो गई है। वहीं, वीरवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 7549 घरों में डेंगू लार्वा की जांच की जिस पर 86 घरों में लार्वा मिला और 34 मकानमालिकों को नोटिस थमाया गया। इसी के साथ अब तक कुल 1313727 घरों में डेंगू लार्वा की जांच की जा चुकी है। इनमें से अब तक 10411 घरों में लार्वा मिल चुका है और 4414 घरों के मकानमालिकों को नोटिस थमाया जा चुका है। इसके अलावा, स्वास्थ्य विभाग ने वीरवार को 225 लोगों के डेंगू जांच के लिए सैंपल लिए। वहीं, अब तक विभाग 13243 लोगों के जांच के लिए सैंपल ले चुका है। स्वास्थ्य विभाग की शहरी 16 और ग्रामीण 150 टीमें लार्वा जांच में जुटी हुई है।













