यमुनानगर, Yamunanagar Air Pollution: यमुनानगर में ठंड के साथ हवा भी खराब हो गई है। मंगलवार को AQI 256 रहा, स्मॉग ने सांस लेना मुश्किल किया। बुधवार-गुरुवार को बादल छाने से ठंड और बढ़ेगी।
अब ठंड सिर्फ सुबह-शाम नहीं, दिन में भी काटने लगी है। ऊपर से हवा इतनी जहरीली हो गई कि सांस लेना भी दूभर हो रहा है। मंगलवार को शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 256 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंच गया ये “बहुत खराब” कैटेगरी में आता है।
डॉक्टर बता रहे हैं कि इस लेवल की हवा बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों के लिए खतरनाक है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री रहा, लेकिन असली ठंड तो अब शुरू होने वाली है।
Yamunanagar Air Pollution: कल बादल छाएंगे, ठंड बढ़ेगी
कृषि विज्ञान केंद्र दामला के मौसम विशेषज्ञ डॉ. अजीत कुमार ने बताया कि बुधवार और गुरुवार को आसमान में बादल छा सकते हैं। धूप कम निकलेगी तो ठंड और स्मॉग दोनों बढ़ेंगे।
हफ्ते के अंत तक रात का पारा 8 डिग्री तक गिर सकता है। ठंड में हवा की रफ्तार कम हो जाती है, जिससे धुआं-धूल हवा में ही लटक जाता है। सुबह कई इलाकों में स्मॉग की मोटी चादर दिख रही है, गाड़ी चलाते वक्त भी विजिबिलिटी बहुत कम हो गई है।
अस्पतालों में मरीजों की भीड़, सांस लेना हुआ मुश्किल
स्वास्थ्य विभाग के डॉ. सचिन शर्मा ने बताया कि ठंड + प्रदूषण का डबल अटैक लोगों की सेहत बिगाड़ रहा है। अस्पतालों में खांसी, जुकाम, दमा, एलर्जी और सांस फूलने की शिकायतें तेजी से बढ़ी हैं।
AQI 200 से ऊपर होने पर फेफड़ों पर बोझ पड़ता है और दिल की बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। बच्चों को बार-बार खांसी और आंखों में जलन हो रही है।
डॉक्टर की सलाह
सुबह-शाम बिना काम घर से बाहर न निकलें।
बाहर जाना पड़े तो मास्क और गर्म कपड़े जरूर पहनें।
ठंड में पानी पीना बिल्कुल न भूलें।
संतरा, मौसमी जैसे फल और गुनगुना पानी इम्यूनिटी बढ़ाएगा।
अस्थमा-दिल के मरीज दवा साथ रखें और डॉक्टर से नियमित चेकअप कराएं।













