Yamunanagar AQI: एक्यूआई में सुधार जरूर दिखा, लेकिन प्रदूषण और तापमान गिरने से ठंड और चिंता बढ़ गई है। जानें पूरी स्थिति।
यमुनानगर में रविवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में हल्का सुधार जरूर देखा गया, लेकिन हालात अभी भी सामान्य नहीं हैं। हवा में मौजूद स्मॉग शहर को लगातार ढके हुए है, जिससे कुछ किलोमीटर आगे तक साफ दिखाई देना मुश्किल हो रहा है। प्रदूषण बढ़ने पर प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
Yamunanagar AQI में मामूली सुधार, स्मॉग से अब भी मुश्किलें
रविवार को शहर का AQI 331 माइक्रोग्राम से घटकर 271 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर पर आ गया। यह सुधार राहत जरूर देता है, लेकिन अभी भी यह स्तर ‘असुरक्षित’ श्रेणी में आता है।
शहर में फैक्ट्रियों का धुआं, उड़ती धूल, कूड़े में आग और सड़क किनारे जलते तंदूर हवा को लगातार जहरीला बना रहे हैं।
ढाबों, रेस्टोरेंट और नॉनवेज दुकानों में बड़ी संख्या में तंदूर धधक रहे हैं, जहां कोयला और लकड़ी दोनों जलाए जाते हैं। इनसे निकलने वाला धुआं वातावरण में मिलकर AQI को और खराब कर रहा है।
तापमान दो डिग्री गिरा, सर्दी बढ़ने लगी
प्रदूषण के साथ-साथ ठंड ने भी दस्तक तेज कर दी है। जिले का अधिकतम तापमान 25°C से घटकर 23°C हो गया, जिससे सुबह और शाम की ठंड काफी बढ़ गई है।
लोग गर्म कपड़ों का सहारा लेने लगे हैं, जबकि दिन में गुनगुनी धूप थोड़ी राहत दे रही है।
पार्कों, गलियों, घरों की छतों पर धूप सेंकते लोग आसानी से देखे जा सकते हैं।
मौसम विभाग की मानें तो मंगलवार से न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री तक कम हो सकता है।
डॉक्टर्स ने बदलते मौसम में खांसी, सर्दी, बुखार और निमोनिया से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है।













