यमुनानगर (Yamunanagar Cold Weather)। दो दिन बाद जिले का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री पर आने की संभावना है। ऐसा होने पर सर्दी बढ़ जाएगी। अभी न्यूनतम तापमान 13 डिग्री पर बना हुआ है। सुबह से लेकर दोपहर तक निकलने वाली गुनगुनी धूप का लोग खूब आनंद ले रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल मौसम साफ रहेगा, लेकिन ठंडी हवाएं चल सकती हैं।
Yamunanagar Cold Weather: पारा 30 से 28°C
तीन दिन पहले हुई बूंदाबांदी से जिले का मौसम काफी बदल गया है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री से लुढ़क कर 28 डिग्री पर आ चुका है। अगले सप्ताह की शुरुआत में यह दो डिग्री और कम होकर 26 डिग्री पर जा सकता है। मौसम में आई ठंडक का सीधा असर बच्चों के स्वास्थ्य पर बहुत ज्यादा पड़ रहा है। वह इसलिए क्योंकि सुबह-शाम तो ठंड है इसलिए बच्चों को गर्म कपड़ों में रखा जाता है।
सर्दी-खांसी-जुकाम से बच्चे बीमार
दोपहर में जैसे ही धूप तेज होती है तो बच्चे गर्म कपड़ों से दूरी बना रहे हैं। शाम को अचानक फिर से मौसम ठंडा हो जाता है। इससे बच्चे सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार व छाती जाम की चपेट में आ रहे हैं। दवा दिलाने से भी बच्चों को आराम नहीं हो रहा। अभिभावक प्रदीप कुमार व विनोद ने बताया कि छोटे बच्चे किसी का कहना नहीं मानते।
अभी भी बिना गर्म कपड़ों व जुराब के घूम रहे हैं। इससे उन्हें सर्दी लग जाती है। उनके बच्चों को कई दिनों से खांसी व जुकाम हो रहा है, लेकिन दवा दिलाने के बाद भी आराम नहीं लग रहा। यहां तक की नामी डॉक्टरों से दवाई लेने के बाद भी हालत में थोड़ा बहुत ही आराम है।
शहर का एक्यूआई फिर से बढ़ा
शहर का एक्यूआई एक दिन कम होने के बाद फिर से बढ़ गया है। शुक्रवार को शहर का एक्यूआई 204 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। जो कि खराब वर्ग की श्रेणी में आता है। वीरवार को यह 184 माइक्रोग्राम था। इस माह में एक नवंबर को एक्यूआई 281, दो को 320, तीन को 263, चार को 229 व पांच का 274 माइक्रोग्राम तक पहुंच गया था। प्रदूषण बढ़ने से लोगों के गले खराब हो रहे हैं।













