अंबाला (Cold wave in Ambala)। सर्दी बढ़ने से तापमान में गिरावट होने लगी है। धीरे-धीरे दिन और रात के तापमान कम होने लगे हैं। मंगलवार को भी अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 27.3 और न्यूनतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने 15 नवंबर तक शीतलहर चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार सुबह भी मौसम ठंडा होने से आवाजाही में दिक्कत रही। वहीं, सर्दी बढ़ने से पंखे भी चलने बंद हो गए हैं। इससे बिजली खपत भी कम हुई है।
Cold wave in Ambala: शीतलहर का येलो अलर्ट
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 13 नवंबर तक खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चल सकती है। जिससे दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने के आसार हैं और रात्रि तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है।
इस दौरान राज्य में अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 7 से 10 डिग्री सेल्सियस के मध्य रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ एक स्थानों पर बीच बीच में हल्के बादल भी छा सकते हैं।
बढ़ने लगीं इलेक्ट्रॉनिक हीटिंग उपकरणों की मांग
सर्दियों की दस्तक के साथ ही बाजारों में इलेक्ट्रॉनिक हीटिंग उपकरणों की मांग में तेजी आने लगी है। सुबह-शाम की ठिठुरन बढ़ने पर लोग अपने घरों में गर्माहट बनाए रखने के लिए रूम हीटर, गीजर और रॉड खरीदने बाजारों का रुख कर रहे हैं।
स्थानीय बाजार के इलेक्ट्रॉनिक सामान विक्रेता अनमोल ने बताया कि इस बार पिछले वर्षों की तुलना में ग्राहकों की संख्या अधिक है। उन्होंने कहा कि रूम हीटर की बिक्री सबसे तेज़ी से बढ़ रही है, क्योंकि यह किफायती होने के साथ तुरंत गर्माहट प्रदान करता है। बाजार में रूम हीटर की कीमत 600 रुपये से 1250 रुपये तक है, जिससे मध्यम वर्गीय परिवार भी इसे आसानी से खरीद पा रहे हैं।
तापमान घटा तो और बढ़ेगी बिक्री
दुकानदारों का अनुमान है कि जैसे-जैसे तापमान और गिरेगा, हीटिंग उपकरणों की बिक्री में और इज़ाफ़ा होगा। वहीं ग्राहक भी यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि सर्दी के तीखे दौर से पहले ही जरूरी उपकरण घर में उपलब्ध रहें। कुल मिलाकर सर्दी की शुरुआत के साथ शहर के बाजार गुलजार हो उठे हैं।
गीजर और रॉड की बिक्री भी बढ़ी
अनमोल के अनुसार, गीजर की मांग भी लगातार बढ़ रही है। खासकर वे परिवार जो ठंड के मौसम में सुबह-शाम गर्म पानी की जरूरत महसूस करते हैं, इलेक्ट्रिक और इंस्टेंट गीजर खरीद रहे हैं। बाजार में गीजर की कीमत 4000 रुपये से 10,000 रुपये तक है। ब्रांड, क्षमता और फीचर्स के अनुसार कीमतों में अंतर है।
वहीं रॉड की बिक्री भी तेजी से बढ़ रही है। इसकी कीमत 250 रुपये से 400 रुपये तक है। दुकानदारों का कहना है कि कम कीमत होने के कारण यह उपकरण अब भी ग्रामीण क्षेत्रों की पहली पसंद बना हुआ है। पिछले एक सप्ताह में रॉड की बिक्री लगभग दोगुनी हो गई है।













