Tata EV BaaS Model : टाटा मोटर्स ने भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों को आम खरीदार की पहुंच में लाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने अपनी पूरी इलेक्ट्रिक कार (Tata Motors Electric Cars) श्रृंखला के लिए ‘बैटरी-ऐज-अ-सर्विस’ यानी बास व्यवस्था लागू कर दी है। अब तक यह सुविधा केवल टियागो ईवी और पंच ईवी तक सीमित थी, लेकिन अब नेक्सन ईवी, कर्व ईवी, सिएरा ईवी और फ्लैगशिप हैरियर ईवी को भी इस विकल्प के साथ खरीदा जा सकेगा। इस व्यवस्था से शोरूम में कार खरीदते समय बैटरी की भारी कीमत तुरंत नहीं चुकानी पड़ेगी। इसके चलते टाटा ईवी की शुरुआती खरीद लागत 4.69 लाख रुपये तक आ गई है।
क्या है बास व्यवस्था?
बास मॉडल के तहत गाड़ी की बॉडी और उसकी बैटरी की कीमत को दो अलग-अलग हिस्सों में बांट दिया जाता है। ग्राहक कार की बॉडी को सामान्य लोन पर ले सकते हैं, जबकि बैटरी के लिए अलग फाइनेंसिंग की व्यवस्था होती है। टाटा मोटर्स इसे ड्यूल-लोन फाइनेंस उत्पाद के रूप में पेश कर रही है, जो फाइनेंस कंपनी की मंजूरी और शर्तों पर निर्भर करेगा। बैटरी के लिए ग्राहक को एक निश्चित समय तक अलग से मासिक किस्त देनी होगी। यह किस्त बैटरी पैक की क्षमता, डाउन पेमेंट और लोन अवधि के आधार पर तय की जाएगी।
प्रति किलोमीटर उपयोग शुल्क
इस खरीद मॉडल में बैटरी की लागत सिर्फ मासिक किस्त तक सीमित नहीं रहेगी। ग्राहक सड़क पर जितनी गाड़ी चलाएंगे, उसी हिसाब से बैटरी उपयोग का प्रति किलोमीटर शुल्क देना होगा। शुरुआत में कार की खरीद कीमत बेहद कम लगेगी, लेकिन बाद में मासिक रनिंग कॉस्ट में यह शुल्क जुड़ेगा। इस चार्ज में बैटरी चार्जिंग के लिए लगने वाली बिजली, कार की नियमित सर्विसिंग या किसी तरह की मरम्मत का खर्च शामिल नहीं है। इन सभी मदों का भुगतान वाहन मालिक को अलग से अपनी जेब से करना होगा।
सामान्य खरीद विकल्प भी मौजूद
टाटा मोटर्स ने स्पष्ट किया है कि शोरूम में पुरानी पारंपरिक व्यवस्था भी पहले की तरह जारी रहेगी। ग्राहक चाहें तो कार और बैटरी की पूरी कीमत एकमुश्त देकर या सामान्य ऑटो लोन पर भी गाड़ी खरीद सकते हैं। जो खरीदार शुरुआत में डाउन पेमेंट का बोझ कम रखना चाहते हैं, उनके लिए बास विकल्प बेहद फायदेमंद साबित होगा। जिन लोगों का रोजाना का सफर कम या सीमित है, वे इस मॉडल से अपनी शुरुआती बचत को सुरक्षित रख सकते हैं।
हरियाणा न्यूज़ पोस्ट पर ये भी पढ़ें: टाटा एरिस 5.29 लाख रुपये में हुई लॉन्च, वेंटिलेटेड सीट्स और इन-बिल्ट डैशकैम से लैस
मॉडल अनुसार बास कीमतें
टाटा मोटर्स के सभी छह मॉडलों की सामान्य एक्स-शोरूम कीमत और बास व्यवस्था के तहत तय की गई दरों का ब्योरा पूरी तरह स्पष्ट किया गया है:
टियागो ईवी (19kWh बैटरी): सामान्य शुरुआती कीमत 6.99 लाख रुपये (Tata Tiago EV Price) है, जो बास में घटकर 4.69 लाख रुपये हो जाती है। इसके इस्तेमाल पर 2.6 रुपये प्रति किलोमीटर चार्ज लगेगा।
पंच ईवी (30kWh बैटरी): सामान्य कीमत 9.79 लाख रुपये के मुकाबले बास (Punch EV Battery as a Service) में यह 6.59 लाख रुपये में उपलब्ध होगी। बैटरी चार्ज 2.6 रुपये प्रति किलोमीटर रहेगा।
नेक्सन ईवी (45kWh बैटरी): सामान्य शुरुआती कीमत 14.34 लाख रुपये है, जबकि बास में यह 8.99 लाख रुपये (Nexon EV BaaS Price) की पड़ेगी। इसका बैटरी चार्ज 4.4 रुपये प्रति किलोमीटर होगा।
कर्व ईवी (55kWh बैटरी): सामान्य कीमत 17.19 लाख रुपये की जगह बास मॉडल में शुरुआती कीमत 10.99 लाख रुपये रखी गई है। उपयोग चार्ज 5 रुपये प्रति किलोमीटर है।
सिएरा ईवी (63kWh बैटरी): सामान्य शुरुआती कीमत 18.79 लाख रुपये है, जो बास में 11.99 लाख रुपये हो जाती है। बैटरी इस्तेमाल पर 5.5 रुपये प्रति किलोमीटर का भुगतान करना होगा।
हैरियर ईवी (65kWh बैटरी): सामान्य शुरुआती कीमत 21.79 लाख रुपये (Harrier EV BaaS Price) की तुलना में बास के तहत 14.49 लाख रुपये में मिलेगी। इसके लिए 5.9 रुपये प्रति किलोमीटर का चार्ज देना होगा।
खरीदारों के लिए नफा-नुकसान
इलेक्ट्रिक कार (Best EV India 2026) खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों के लिए यह मॉडल शुरुआती पूंजी के नजरिए से बेहद मुफीद है। मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बजट सेगमेंट से लेकर प्रीमियम एसयूवी तक का डाउन पेमेंट काफी हल्का हो जाएगा। हालांकि, कार बुक करने से पहले ग्राहकों को अपनी रोजाना की औसत ड्राइविंग दूरी और प्रति किलोमीटर लगने वाले बैटरी चार्ज का आकलन जरूर कर लेना चाहिए, ताकि बाद में मासिक बजट न बिगड़े। #TataMotors #ElectricVehicles #TataEV #NexonEV











