अंबाला। हरियाणा रोडवेज जल्द ही यात्रियों को एक बड़ी राहत देने जा रहा है। अब बसों की सही लोकेशन सीधे मोबाइल एप पर दिखाई देगी, ताकि यात्रियों को बस ढूंढने या सड़क पर खड़े रहने की परेशानी न झेलनी पड़े। इसके साथ ही परिवहन विभाग ने यह भी साफ संकेत दे दिया है कि जो भी चालक और परिचालक बस को निर्धारित अड्डे के अलावा किसी दूसरी जगह रोकते पाए गए, उन पर तुरंत कार्रवाई होगी।
परिवहन मंत्री अनिल विज ने बताया कि इसके लिए सभी बसों में आधुनिक ट्रैकिंग सिस्टम लगाया जा रहा है। कोई भी बस अगर तय रूट या स्टॉप से हटकर चलेगी तो उसकी पूरी रिपोर्ट रियल टाइम में उनके सिस्टम पर दिखाई देगी। मंत्री विज शनिवार को अंबाला छावनी में नागरिक अस्पताल के पास बनाए गए नए बस क्यू शेल्टर के उद्घाटन कार्यक्रम में बोल रहे थे।
अब नहीं करना पड़ेगा धूल में इंतजार
मंत्री विज ने कहा कि पहले छावनी के लोगों को खुले में तेज धूप और धूल मिट्टी में खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ता था। लेकिन अब नए बस क्यू शेल्टर से यात्रियों को इससे निजात मिलेगी। यहां बैठने की व्यवस्था से लेकर पंखे तक सब कुछ लगाया गया है ताकि लोग आराम से बस आने तक इंतजार कर सकें।
उन्होंने बताया कि लोकल रूट पर आने वाले सभी स्टॉप पर इसी तरह के क्यू शेल्टर बनाए जा रहे हैं। अभी 23 बस क्यू शेल्टर का निर्माण जारी है, जिनमें से कुछ तैयार हो चुके हैं और बाकी जल्दी बन जाएंगे।
25 साल बाद फिर शुरू हुई लोकल बस सेवा
अनिल विज ने कहा कि अंबाला छावनी में करीब 25 साल से लोकल बस सेवा बंद थी। लेकिन अब शहर में 25 बसें दौड़ रही हैं, जिनमें 15 इलेक्ट्रिक बसें हैं और कुछ मिनी बसें भी शामिल हैं। हर क्यू शेल्टर पर बसों का टाइम टेबल लगा दिया गया है और सभी बसों को वहीं रुकने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा सभी बस अड्डों पर एयरपोर्ट की तरह डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को रूट, स्टॉप और बस के लोकेशन की लाइव जानकारी मिल सके।
2.16 करोड़ की लागत से तैयार हो रहे आधुनिक क्यू शेल्टर
मंत्री विज के प्रयासों से अंबाला छावनी में 2.16 करोड़ रुपये की लागत से 23 नए बस क्यू शेल्टर बनाए जा रहे हैं। इनमें से कैपिटल चौक, सिविल अस्पताल चौक, सुभाष पार्क, बब्याल और बोह में शेल्टर बनकर तैयार हो चुके हैं।
जल्द ही चुंगी चौक, टुंडला, डिफेंस कॉलोनी, कलरहेड़ी, शास्त्री कॉलोनी, डीआरएम ऑफिस, सुंदर नगर, चंद्रपुरी कॉलोनी, मच्छौंडा, शाहपुर, बीडी फ्लोर मील, हाथीखाना मंदिर, रंगिया मंडी चौक, नन्हेड़ा, एसडी कॉलेज, महेशनगर, टांगरी बांध मोड़ और दलीपगढ़ में भी इनका निर्माण पूरा होगा।












