अंबाला (Vande Bharat train)। फिरोजपुर से नई दिल्ली के बीच चली नई वंदे भारत एक्सप्रेस 26462 की अधिकांश सीटें सोमवार को खाली रहीं। ट्रेन में मात्र 40 प्रतिशत लोगों ने ही सफर किया, जबकि 60 प्रतिशत सीटों पर टिकटों की बुकिंग नहीं हो पाई। ऐसे में ट्रेन के पहले ही दिन यात्रियों ने सफर के दौरान रूचि नहीं दिखाई।
इसका कारण अधिक किराया होना बताया गया है जोकि बठिंडा के बीच चलने वाली इंटरसिटी और अन्य मेल व एक्सप्रेस से दोगुना अधिक है। वंदे भारत के एसी चेयरकार कोच में 78 और एग्जिक्यूटिव श्रेणी में 52 सीटें हैं और इनमें सात कोच चेयरकार और एक कोच एग्जिक्यूटिव श्रेणी का लगाया गया है।
अंबाला मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक एनके झा ने कहा कि अभी पहला दिन है। ट्रेन की जानकारी यात्रियों तक पहुंचने में थोड़ा समय तो लगता ही है, आने वाले दिनों में ट्रेन अपनी पूरी कैपेसिटी के साथ चलेगी। इससे लोगों को सुविधा मिलेगी और उनके समय की भी बचत होगी।
Vande Bharat train: किराए का अंतर
अंबाला से फिरोजपुर तक वंदे भारत एक्सप्रेस का किराया एसी चेयरकार में 885 रुपये है जबकि एग्जिक्यूटिव श्रेणी का किराया 1645 रुपये है, वहीं धनबाद से फिरोजपुर के लिए चलने वाली ट्रेन में अंबाला से फिरोजपुर का स्लीपर श्रेणी का किराया 190 रुपये, तृतीय एसी इकोनॉमी का 515 रुपये व द्वितीय एसी का किराया 720 रुपये है।
इसी प्रकार बठिंडा से अंबाला तक वंदे भारत का एसी श्रेणी का किराया 740 रुपये और एग्जिक्यूटिव श्रेणी का किराया 1360 रुपये है, वहीं श्रीगंगानगर से ऋषिकेश एक्सप्रेस में स्लीपर श्रेणी का किराया 165 रुपये, तृतीय एसी का किराया 515 रुपये और द्वितीय एसी का किराया 720 रुपये है। जबकि फाजिल्का से दिल्ली के बीच चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस का स्लीपर श्रेणी का किराया 165 रुपये, एसी चेयरकार का किराया 355 रुपये और द्वितीय एसी श्रेणी का किराया 515 रुपये है।
सुसज्जित ट्रेन में सफर कर पाएंगे
वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन से यात्रियों के समय की बचत होगी और वो साफ-सुथरी व सुविधाओं से सुसज्जित ट्रेन में सफर कर पाएंगे। वंदे भारत में फिरोजपुर से अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के 290 किमी तक के सफर को पूरा करने के लिए चार घंटे का समय लगेगा, वहीं पूर्व में चल रही ट्रेन नंबर 13308 किसान एक्सप्रेस में यह सफर पांच घंटे में पूरा हो रहा है।
इसके अलावा बठिंडा से अंबाला तक लगभग 200 किमी के सफर को पूरा करने में वंदे भारत एक्सप्रेस में 2:45 घंटे का समय ले रही है, जबकि इंटरसिटी एक्सप्रेस में बठिंडा से अंबाला तक पहुंचने में 3:55 घंटे का समय लग रहा है।












