करनाल (Karnal Velvet Suit Trend): सर्दियों की शुरुआत होते ही बाजार में गर्म कपड़ों की खरीदारी भी शुरू हो चुकी है। ऐसे में महिलाएं ठंड से बचने के साथ-साथ फैशन को बरकरार रखने के लिए नए व स्टाइलिश कपड़े खरीद रही हैं।
इस बार सर्दियों की नई कलेक्शन में कई तरह के डिजाइन व वैरायटी आ रही हैं जिनमें वेलवेट सूट जोकि हर सर्दी में सबसे अधिक खरीदे जाने वाली वैरायटी हैं। लड़कियां फैशन को बनाए रखने के लिए पार्टी व शादी फंक्शन में पहनने के लिए सबसे अधिक वेलवेट सूटों की मांग कर रही हैं।
वेलवेट की बिक्री दोगुनी हो गई
शादी-समारोह और विंटर फंक्शन के लिए वेलवेट के नए-नए डिजाइन खरीदने वालों की संख्या बढ़ गई है। रोजाना पहनने में भी वेलवेट फैब्रिक अपनी गर्माहट और रॉयल लुक के कारण महिलाओं की पहली पसंद बन रहा है।
बाजार में ब्लेजर, वूलन शर्ट, हुड्डी, कार्डिगन, कराची सूट, वेलवेट सूट और वूलन कुर्ती जैसे कई नए-नए तरह के गर्म कपड़े ट्रेंड कर रहे हैं। इस बार यू कट स्वेटर, कोड सेट और वेलवेट सूट सबसे अधिक खरीदे जा रहे हैं।
दुकानदारों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में वेलवेट सूट की बिक्री लगभग दोगुनी हो गई है। जैसे ही तापमान गिरा, महिलाओं ने विंटर फैशन में सबसे पहले वेलवेट को ही चुना। बाजार में लाइट वर्क, हैवी पार्टी वियर, कटवर्क, स्टोन वर्क, बॉर्डर डिजाइन और जरी-कढ़ाई के ढेरों कलेक्शन उपलब्ध हैं।
कराची सूट कर रहा शादी सीजन में ट्रेंड
दुकानदार रोमी ने बताया कि हर साल बाजार में सर्दी कलेक्शन में नए डिजाइन ट्रेंड करते हैं, इस बार महिलाओं के लिए वेलवेट सूट के साथ-साथ कराची सूट भी ट्रेंड कर रहे हैं। ऐसे में महिलाएं व युवतियां खूले सूट व खुली बाजू वाले स्टाइल में सूटों को अधिक पसंद कर रही हैं। वहीं मैरून, ब्लैक, नेवी ब्लू, राॅयल ब्लू और हल्का व गहरा हरा रंग सबसे अधिक खरीदा जा रहा है जो रात के समय काफी आकर्षक लूक देता है।
बाजार में वेलवेट सूट के प्रकार
फुल हेवी एंब्रॉयडरी पार्टी वियर सूट: लाइट वर्क और सिंपल बॉर्डर डिजाइन
जरी-कढ़ाई से सजा ट्रेडिशनल वर्क: कटवर्क और स्टोन वर्क वाले सूट
लॉन्ग-कट पैटर्न और फ्लेयर डिजाइन: अनारकली और फ्रंट-स्लिट वेलवेट सूट
इन सबके साथ नेट, शिफॉन और जॉर्जेट दुपट्टे की मैचिंग भी महिलाओं को काफी भा रही है।
बाजार में वेलवेट के हॉट डिजाइन
इस बार मरून, ब्लैक, नेवी ब्लू और रॉयल ग्रीन रंगों के सूट सबसे ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। फैशन विशेषज्ञों के अनुसार वेलवेट न सिर्फ गर्म रखता है बल्कि पहनने में बेहद आरामदायक भी होता है। साथ ही यह शरीर पर फिट होकर एक रॉयल और ग्रेसफुल लुक देता है, जो खासकर शादी-फंक्शन में महिलाओं को बेहद आकर्षित करता है।
दुकानदार महेंद्र ने बताया कि महिलाओं के ब्लेजर की कीमत 1200 से शुरू है, कोड सेट 600 से 3000 रुपये तक, लड़कियों की वूलन शर्ट 400 रुपये से और कार्डिगन 300 रुपये तक उपलब्ध हैं। इसके अलावा सिंपल वेलवेट सूट 600 से 1500 रुपये, लाइट वर्क वाले सूट 1500 से 3000 और हैवी वर्क पार्टी वियर वेलवेट सूट 3000 से 8000 रुपये तक मिल रहे हैं।
आकर्षक डिजाइन, सॉफ्ट फैब्रिक और बजट फ्रेंडली दाम होने के कारण सर्दी कलेक्शन ग्राहकों को खूब भा रही हैं। ऐसे में महिलाएं सबसे अधिक खरीददारी करती हुई दिख रही हैं जिनमें शादी समारोह में पहनने के लिए आकर्षक सूट सबसे अधिक पसंद किए जा रहे हैं।













