चंडीगढ़, 22 मई (हरियाणा न्यूज पोस्ट)। Cockroach Janta Party news: भारतीय राजनीति में बड़ी-बड़ी पार्टियां केंद्रीय एजेंसियों के छापों से परेशान रहती हैं, लेकिन सोशल मीडिया की दुनिया में एक नई नवेली पार्टी पर ‘डिजिटल पेस्ट कंट्रोल’ चला दिया गया है। पिछले हफ्ते सोशल मीडिया पर रातों-रात सनसनी बनने वाली ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के आधिकारिक एक्स हैंडल को बृहस्पतिवार को भारत में ब्लॉक कर दिया गया। लेकिन इंटरनेट के इन ‘कीड़ों’ को मारना इतना आसान नहीं था। सरकार की इस कार्रवाई के चंद मिनटों बाद ही इसके संस्थापक अभिजीत दीपके ने ‘कॉकरोच मरता नहीं है’ के धासू नारे के साथ ‘कॉकरोच इज बैक’ नाम से नया मोर्चा खोल दिया। भारत में भले ही इस पर ताला लगा हो, लेकिन जुगाड़ू भारतीय जनता वीपीएन लगाकर पुरानी यादें ताजा कर रही है।
अभिजीत दीपके की हुंकार: सरकार का दांव पड़ गया उल्टा
पार्टी के मुखिया अभिजीत दीपके, जो कभी आम आदमी पार्टी के रणनीतिकार हुआ करते थे, इस कार्रवाई से बिल्कुल भी हैरान नहीं हैं। उन्होंने पीटीआई-भाषा से हंसते हुए कहा कि उनके अकाउंट को हैक करने की नाकाम कोशिशें पहले ही हो रही थीं, इसलिए यह डिजिटल एनकाउंटर तय था। दीपके का दावा है कि सरकार ने जिस ‘हिट स्प्रे’ का इस्तेमाल किया, उसका दांव उल्टा पड़ गया है क्योंकि जनता अब और ज्यादा मजे ले रही है। सीजेपी की कानूनी टीम अब इस डिजिटल बैन के खिलाफ कोर्ट का दरवाजा खटखटाने की तैयारी में है। मजेदार बात यह है कि नए हैंडल ने आते ही सबसे पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की अपनी पुरानी मांग को फिर से पिन कर दिया।
सुप्रीम कोर्ट की वो टिप्पणी, जिसने इंटरनेट को ‘कीड़ा’ दे दिया
इस पूरे सियासी ड्रामे की स्क्रिप्ट किसी फिल्म से कम नहीं है। 15 मई को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने एक वकील पर भड़कते हुए ‘परजीवी’ और ‘कॉकरोच’ जैसे भारी-भरकम शब्दों का इस्तेमाल कर दिया था। हालांकि, बाद में माननीय कोर्ट ने साफ किया कि उनका इरादा फर्जी डिग्री वाले वकीलों को आईना दिखाना था, न कि सबको लपेटना। लेकिन सोशल मीडिया के ‘जेन-जी’ युवाओं को तो बस बहाना चाहिए था। इस टिप्पणी के ठीक अगले दिन, यानी 16 मई को व्यंग्य के हथियारों से लैस ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का जन्म हो गया, जिसने देखते ही देखते दिल्ली के सियासी गलियारों में खलबली मचा दी।
बीजेपी और कांग्रेस को सोशल मीडिया की रेस में पछाड़ा
इस कॉकरोच गैंग ने इंस्टाग्राम पर जो जलवा बिखेरा है, उसे देखकर देश के बड़े-बड़े आईटी सेल वाले दंग हैं। बृहस्पतिवार शाम तक इस पैरोडी पेज के 1.56 करोड़ फॉलोअर्स हो चुके थे। पार्टी ने अपनी इस ताकत का जश्न भी बड़े अनोखे अंदाज में मनाया। उन्होंने एक पोस्ट शेयर की जिसमें दिखाया गया कि देश की सत्ताधारी बीजेपी के इंस्टाग्राम पर सिर्फ 88 लाख और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के पास 1.33 करोड़ फॉलोअर्स हैं। इस पोस्ट में एक कॉकरोच को बीजेपी के चुनाव चिह्न ‘कमल’ के फूल को मजे से कुतरते हुए दिखाया गया था, जिसके नीचे लिखा था “आपको लगा कि आप हमसे छुटकारा पा लेंगे? हाहा!”
Cockroach Janta Party: भाया यह नया डिजिटल तमाशा
अभिजीत दीपके ने आशंका जताई है कि एक्स के बाद अब उनके करोड़पति इंस्टाग्राम पेज को भी निशाना बनाया जा सकता है। सरकार के इस डिजिटल हंटर के खिलाफ अब विपक्ष के दिग्गज भी कॉकरोच के समर्थन में आ गए हैं। तृणमूल कांग्रेस की महुआ मोइत्रा, कीर्ति आजाद से लेकर मशहूर वकील प्रशांत भूषण और एक्टिविस्ट अंजलि भारद्वाज ने इस अनोखे आंदोलन में अपनी गहरी दिलचस्पी दिखाई है। हालात ये हैं कि इंटरनेट पर अब ‘द कॉकरोच यूथ’ और ‘कॉकरोच न्यूज’ जैसे दर्जनों पैरोडी अकाउंट्स की बाढ़ आ गई है। ऐसा लगता है कि सरकार ने जिस कीड़े को दबाना चाहा, उसने पूरे सोशल मीडिया को अपने रंग में रंग लिया है।
Haryana Roadways: 6 साल से नहीं बढ़ा किराया, ₹1000 करोड़ के घाटे में हरियाणा रोडवेज
Motorola Razr Fold की बिक्री शुरू, 20 जून से पहले खरीदने पर स्क्रीन रिप्लेसमेंट बिल्कुल मुफ्त
ब्रेकिंग न्यूज़ और Trending News अपडेट के लिए Haryana News Post से जुड़े रहें।












