कुरुक्षेत्र। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के अवसर पर होने वाली गीता रन 16 नवंबर को सुबह छह बजे आयोजित की जाएगी। इसमें कुरुक्षेत्र व आसपास के जिलों से हजारों युवा, खिलाड़ी, विद्यार्थी, एनसीसी व एनएसएस कैडेट्स शामिल होंगे। गीता रन का आयोजन ब्रह्मसरोवर के पुरुतोषमपुरा बाग से किया जाएगा।
इसका आयोजन 4 ग्रुपों में करवाया जाएगा। इनमें पुरुष वर्ग के लिए 10 किलोमीटर, महिला वर्ग, सीनियर सिटीजन महिला व पुरुष वर्ग के लिए 5-5 किलोमीटर की दौड़ होगी। प्रत्येक ग्रुप में टॉप आने वालों के लिए इनाम भी तय किए गए हैं। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि प्रतिभागियों का पंजीकरण 11 नवंबर से आरंभ किया जा रहा है। इच्छुक प्रतिभागी द्रोणाचार्य खेल स्टेडियम में अपना पंजीकरण करवा सकते है। पंजीकरण कराने वाले को मौके पर ही चेस्ट नंबर वितरित किए जाएंगे। मौके पर प्रतिभागी मूल आधार कार्ड को साथ लेकर आए।
अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में इतना मिलेगा इनाम
10 किलोमीटर पुरुष वर्ग की दौड़ में प्रथम आने वाले को 31 हजार रुपए, दूसरे नंबर पर आने वाले को 21 हजार रुपए, तीसरे नंबर को 11 हजार रुपए दिए जाएंगे। इसके साथ ही चौथे नंबर से 10वें स्थान को हासिल करने वाले प्रत्येक को 2100 रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पांच किलोमीटर महिला वर्ग की दौड़ में पहले नंबर पर आने वाले को 31 हजार, दूसरे नंबर को 21 हजार और तीसरे स्थान पर आने वाले को 11 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा।
इसके साथ ही चौथे नंबर से 10वें नंबर पर आने वाले प्रत्येक को 2100 रुपए दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सीनियर सिटीजन पुरुष वर्ग की पांच किलोमीटर दौड़ में प्रथम आने वाले को 5100 रुपए, दूसरे नंबर वाले को 4100 रुपए, तीसरे नंबर वाले को 3100 रुपए, चौथे नंबर वाले को 2100 रुपए और पांचवें नंबर पर आने वाले को 1100 रुपए का इनाम दिया जाएगा। इसी तरह सीनियर सिटीजन महिला वर्ग की पांच किलोमीटर दौड़ में प्रथम आने वाले को 5100 रुपए, दूसरे नंबर वाले को 4100 रुपए, तीसरे नंबर वाले को 3100 रुपए, चौथे नंबर वाले को 2100 रुपए और पांचवें नंबर पर आने वाले को 1100 रुपए का इनाम दिया जाएगा।
100 मीटर लड़कियाें की दौड़ में भारती प्रथम
श्रीकृष्ण इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी तथा श्रीकृष्ण पॉलिटेक्निक कुरुक्षेत्र में तीन दिवसीय स्पोर्ट्स मीट का आयोजन किया गया, जिसका समापन शनिवार को हुआ। छात्रों ने विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। समापन अवसर पर सभी विजेता और प्रतिभागियों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
स्पोर्ट्स मीट के मुख्य अधिकारी नरेंद्र ने बताया कि कार्यक्रम में 100 मीटर, 200 मीटर दौड़, लेमन रेस, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, क्रिकेट, कैरम और चैस जैसे कई खेलों का आयोजन किया गया। लड़कियों की 100 मीटर दौड़ में भारती ने पहला और भक्ति ने दूसरा स्थान हासिल किया। 200 मीटर दौड़ में खुशी प्रथम और हिमांशी द्वितीय स्थान पर रहीं। लेमन रेस में कविता ने पहला और आरुषि ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
लड़कियों के क्रिकेट फाइनल में साक्षी वॉरियर और रिदम फाइटर के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। साक्षी वॉरियर ने 10 ओवर में 85 रन बनाए, जिसमें अदिति ने चार विकेट झटके। रिदम फाइटर टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए दो गेंद शेष रहते तीन विकेट से जीत दर्ज की। पूजा मैन ऑफ द मैच रही। बैडमिंटन में तनु और ललिता के बीच हुए फाइनल में ललिता ने जीत हासिल की। वहीं कैरम बोर्ड में इसलिन कौर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और चैस में नेहा विजेता रहीं। वॉलीबॉल में रोहित फाइटर की टीम ने निखिल वॉरियर को सीधे तीन सेटों में हराकर खिताब जीता।
समापन समारोह में संस्थान के चेयरमैन संजय बंसल ने कहा कि शरीर को स्वस्थ और सक्रिय रखने में खेलों की अहम भूमिका होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपनी पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी समान रूप से रुचि लें, ताकि उनका शारीरिक और मानसिक विकास हो सके। संस्थान के निदेशक डॉ. डीडी शर्मा ने कहा कि खेल न केवल शरीर को फिट रखते हैं बल्कि मानसिक तनाव को भी दूर करते हैं। इस मौके पर कोऑर्डिनेटर सनी, विनय, दीपांशु, अक्षय, रचना सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
रेस प्रतियोगिता में दिव्यांशु रहा प्रथम
इस्माईलाबाद के सत्य भारती स्कूल गोरखा में स्कूल स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें दिव्यांशु प्रथम रहा। मुख्याध्यापिका गुरविंद्र कौर ने बताया कि इस प्रतियोगिता में कक्षा पहली से पांचवी तक के सभी विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। खेल प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, सैक रेस आदि शामिल थी।
उन्होंने बताया कि शिक्षा के साथ खेलों के आयोजन से बच्चों का मानसिक विकास के साथ शारीरिक विकास भी होता है। उन्होंने बताया कि पहली कक्षा की रेस प्रतियोगिता में दिव्यांशु ने प्रथम, मयंक ने दूसरा तथा ज्योति ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। सैक रेस में समीक्षा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में विजेता खिलाडियों को मुख्याध्यापिका ने पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया। इस अवसर समस्त स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।
डिस्कस थ्रो महिला वर्ग में खुशबू प्रथम
राजकीय महाविद्यालय भेरियां पिहोवा में शारीरिक शिक्षा विभाग की ओर से दो दिवसीय 11वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ ध्वजारोहण और खिलाड़ियों की शपथ ग्रहण से किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य सुभाष चंद्र शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि आज खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं रहे, बल्कि कॅरिअर निर्माण और अच्छे स्वास्थ्य का आधार बन चुके हैं।
शारीरिक शिक्षा विभाग के डॉ. दिनेश ने बताया कि ऊंची कूद (पुरुष वर्ग) में गुलाब ने प्रथम, रोहन ने द्वितीय और अर्जुन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ऊंची कूद (महिला वर्ग) में माफी प्रथम, रिंपल द्वितीय और सीमा तृतीय स्थान पर रहीं। शॉटपुट (महिला वर्ग) में रिंपल प्रथम, मनीषा द्वितीय और खुशबू तृतीय स्थान पर रहीं और शॉटपुट (पुरुष वर्ग) में अर्पित ने पहला, अंकित ने दूसरा और अर्जुन ने तीसरा स्थान हासिल किया, जिसमें निर्णायक प्रो. अमित रहे।
उन्होंने बताया कि डिस्कस थ्रो (महिला वर्ग) में खुशबू प्रथम, पायल द्वितीय और रिंपल तृतीय स्थान पर रहीं और डिस्कस थ्रो (पुरुष वर्ग) में अर्जुन ने स्वर्ण, विनायक ने रजत और आर्यन ने कांस्य पदक प्राप्त किया। लंबी कूद (महिला वर्ग) में माफी प्रथम, इशा द्वितीय और रिंपल तृतीय स्थान पर रहीं, जबकि लंबी कूद (पुरुष वर्ग) में गुलाब ने प्रथम, आर्यन ने द्वितीय और अर्जुन ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस मौके पर डॉ. सुशील कुमार, डॉ. कुलदीप सिंह, डॉ. जागीर सिंह, प्रो. सोहन लाल, प्रो. विक्रमजीत मान सहित अन्य सदस्य व खिलाड़ी मौजूद रहे।













