जगाधरी। हरियाणा ओलंपिक गेम्स के ट्रैक एंड फील्ड एथलेटिक्स इवेंट में दो खिलाड़ियों ने पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। दोनों ने एथलेटिक्स गेम में स्वर्ण व कांस्य पदक जीता है। समापन पर हरियाणा ओलंपिक संघ अध्यक्ष कैप्टन जसविंद्र मीनू बैनीवाल, कार्यकारी सदस्य रोहित पुंडीर, आईआरएस रवि यादव, एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ग्रीवेंस कमेटी सदस्य राजकुमार मिटान और एथलेटिक्स हरियाणा निदेशक नरेंद्र मोर ने विजेताओं को पदक पहनाकर स्वागत किया।
एथलेटिक्स संघ जिलाध्यक्ष एवं कोच प्रवीण कुमार ने बताया कि ओलपिंक खेल प्रतियोगिताएं दो से आठ नवंबर तक विभिन्न जिलों में करवाई गईं। इसकी ट्रैक एंड फील्ड इवेंट एथलेटिक्स गेम्स ताऊ देवीलाल खेल परिसर गुरुग्राम में चार से छह नवंबर तक हुईं। इसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और इसमें स्वर्ण व कांस्य पदक जीते हैं। उन्होंने बताया कि रोहित ने 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
वहीं, गगनदीप कौर ने लंबी कूद में कांस्य पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में शानदार किया है। गृह क्षेत्र पहुंचने पर खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रोहित ने पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है। रोहित ने रांची में हई दक्षिण एशियाई गेम्स में 2.15 मीटर ऊंची छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया था।
विवान गुप्ता बने सीरीज-7 के उपविजेता
जगाधरी। ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन की ओर से अंडर-12 चैंपियनशिप सीरीज-7 का आयोजन किया गया। ये टूर्नामेंट तीन से सात नवंबर तक जींद की इंडस टेनिस एकेडमी में आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में शहर निवासी विवान गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय रैंक 241 के खिलाड़ी विवान टूर्नामेंट के फाइनल तक पहुंचे और इसके उपविजेता बने।
फाइनल में विवान का सामना राष्ट्रीय रैंक 166 के खिलाड़ी अंगद जतैन से हुआ। अंतिम मैच अत्यंत रोमांचक रहा और विवान ने प्रतिद्वंदी को कड़ी टक्कर दी। विवान ने दमदार खेल दिखाते हुए पहला सेट 6-2 से जीता लिया। दूसरे सेट में वे 4-2 से आगे रहे, परंतु सेट टाईब्रेक तक पहुंच गया। जहां वह 6-7 (5-7) से अंतर से पिछड़ गए। निर्णायक सुपर टाईब्रेक में भी मुकाबला बेहद नजदीकी रहा, जिसमें विवान 8-10 से हार गए।
पूरे सप्ताह विवान ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए अपने सभी प्रतिद्वंद्वियों को बिना कोई सेट गंवाए पराजित किया। यह उपलब्धि उनके समर्पण, अनुशासन और मेहनत का परिणाम है। दिसंबर में विवान 11 वर्ष के हो जाएंगे, जबकि उनके फाइनल प्रतिद्वंदी उनसे एक वर्ष बड़े थे। बावजूद इसके विवान ने आत्मविश्वास और जोश से भरा प्रदर्शन किया।
विवान गुप्ता जगाधरी क्लब के एडवांटेज टेनिस एकेडमी के टैलेंट स्क्वाड के प्रशिक्षु हैं। उनके पिता संदीप गुप्ता ने कहा कि विवान की प्रगति उनके कोचों और फिजिकल ट्रेनर्स की कड़ी मेहनत का परिणाम है और उन्होंने एकेडमी का आभार व्यक्त किया। विवान ने बताया कि उनका लक्ष्य अगले वर्ष तक अंडर-12 में टॉप-10 रैंक प्राप्त करना है।













