अंबाला (Vande Bharat)। फिरोजपुर सहित चंडीगढ़ व कटरा से संचालित वंदे भारत का संचालन सप्ताह के छह दिन किया जा रहा है और बुधवार को तीन वंदे भारत सहित चंडीगढ़ से नई दिल्ली के बीच चलने वाली शताब्दी का संचालन बंद रहता है।
ऐसे में चार प्रीमियम ट्रेनों के साथ बंद रहने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस परेशानी को इन प्रीमियम ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों ने रेल मंत्री सहित मंडल रेल प्रबंधक के साथ साझा किया है ताकि बुधवार को भी चार में से दो या तीन प्रीमियम ट्रेनों का संचालन आरंभ हो सके।
बुधवार को चलती हैं दो प्रीमियम ट्रेन
अंबाला से ट्रेन में सफर करने वाले गुरुप्रीत सिंह, अमृत पाल, मनोज, रजत व विनोद आदि ने बताया कि वो काम के सिलसिले में अक्सर दिल्ली जाते रहते हैं। लेकिन बुधवार को जब भी उन्हें दिल्ली जाना होता है तो छह वंदे भारत में से मात्र दो 22488 अमृतसर-दिल्ली और 22448 अंब अंदौरा-नई दिल्ली ही संचालित होती हैं और इनका समय भी सुबह 11:34 बजे और दोपहर 3:53 बजे है। इसके अलावा चंडीगढ़ से नई दिल्ली के बीच चलने वाली ट्रेन नंबर 12046 शताब्दी एक्सप्रेस भी रद रहती है। इसके बाद कोई भी प्रीमियम ट्रेन दिल्ली के लिए नहीं है।
शनिवार और रविवार को नहीं मिलती Vande Bharat में टिकट
अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन से निकलने वाली छह वंदे भारत सहित छह शताब्दी में शनिवार और रविवार को काफी भीड़ रहती है। इस कारण इन प्रीमियम ट्रेनों में कंफर्म टिकट के लिए यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उन्हें मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों में सफर करना पड़ता है, इससे उनके पैसों की तो बचत होती है, लेकिन अंबाला से दिल्ली पहुंचने में चार घंटे का समय लग जाता है, जबकि प्रीमियम ट्रेनों में यात्री मात्र दो घंटे में दिल्ली पहुंच जाते हैं।
एक दिन के मेनटेनेंस पर
अंबाला मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक एनके झा ने बताया कि वंदे भारत सहित शताब्दी को सप्ताह में एक दिन के मेनटेनेंस पर रखा जाता है। इसलिए एक दिन ट्रेन नहीं चलती। इसके लिए ट्रेनों की आरक्षण स्थिति का भी आकलन किया जाता है। इसके आधार पर ही ट्रेन को रद रखने का दिन निर्धारित किया जाता है। रेलवे यात्रियों के आग्रह पर विचार करेगी ताकि उनकी परेशानी का समाधान हो सके।











