प्रयागराज . उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से निकलने वाले एक आम लड़के ने आज पूरी दुनिया में भारत का डंका बजा दिया है। मशहूर एडटेक कंपनी ‘फिजिक्स वाला’ (Physics Wallah) के संस्थापक अलख पांडे ने प्रतिष्ठित फोर्ब्स वर्ल्ड्स बिलियनेयर्स 2026 (Forbes World’s Billionaires 2026) की सूची में अपनी जगह पक्की कर ली है। इस साल 229 भारतीय अरबपतियों ने इस ग्लोबल लिस्ट में अपना नाम दर्ज कराया है। 9000 करोड़ रुपये के वैल्यूएशन वाली कंपनी खड़े करने वाले अलख पांडे की यह सफलता यूपी, दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा के उन लाखों छात्रों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है, जो अभावों के बीच अपनी किस्मत बदलना चाहते हैं।
प्रयागराज की तंग गलियों से फोर्ब्स तक का सफर
अक्टूबर 1991 में प्रयागराज के एक बेहद साधारण परिवार में जन्मे अलख पांडे का बचपन भारी आर्थिक तंगी के बीच गुजरा। उनके पिता सतीश पांडे एक प्राइवेट ठेकेदार थे और मां रजत पांडे स्थानीय विष्णु भगवान पब्लिक स्कूल में पढ़ाती थीं। परिवार की आर्थिक मदद करने के लिए अलख ने बहुत छोटी उम्र में ही मिड-सेक्शन से लेकर हायर सेकेंडरी तक के बच्चों को प्राइवेट ट्यूशन पढ़ाना शुरू कर दिया था।
बिशप जॉनसन स्कूल से शुरुआती पढ़ाई करने वाले अलख हमेशा से ही एक मेधावी छात्र रहे। उन्होंने हाईस्कूल में 91 प्रतिशत और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में 93.5 प्रतिशत का शानदार स्कोर हासिल किया था। 12वीं के बाद उन्होंने सीधे बच्चों को कोचिंग पढ़ाना शुरू कर दिया और अपनी राह खुद तय की।
IIT में हुए फेल, कानपुर में छोड़ी इंजीनियरिंग
उनका सपना देश के सबसे बड़े इंजीनियरिंग संस्थान आईआईटी (IIT) को क्रैक करने का था, लेकिन वहां उन्हें सफलता नहीं मिली। इसके बाद अलख ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए कानपुर के हरकोर्ट बटलर टेक्निकल इंस्टीट्यूट (HBTI) में दाखिला ले लिया। किताबी पढ़ाई से अलग कुछ बड़ा करने की चाह में उन्होंने अपने चौथे साल में कॉलेज की पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी।
साल 2014 में उन्होंने एक साधारण कमरे से अपने यूट्यूब चैनल की शुरुआत की। उनका इकलौता मकसद आम छात्रों को बिल्कुल आसान और रोचक भाषा में फिजिक्स समझाना था। आज 2022-2023 के आंकड़ों के मुताबिक अलख पांडे देश के सबसे ज्यादा सैलरी पाने वाले एड-टेक फाउंडर बन चुके हैं।
मुकेश अंबानी पहले और सावित्री जिंदल तीसरे नंबर पर
अगर फोर्ब्स 2026 की पूरी भारतीय सूची पर नजर डालें, तो रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी देश के सबसे अमीर व्यक्ति के रूप में पहले पायदान पर मौजूद हैं। उनके ठीक बाद गौतम अडानी ने दूसरा स्थान हासिल किया है। ओ.पी. जिंदल समूह की अध्यक्ष सावित्री जिंदल देश की 20 महिला अरबपतियों का प्रतिनिधित्व करते हुए तीसरे पायदान पर पहुंच गई हैं।
इस साल इस्पात कारोबार से जुड़े लक्ष्मी मित्तल ने सभी भारतीय अरबपतियों में सबसे अधिक कमाई की है और वे सूची में चौथे नंबर पर हैं। हाल ही में पद्म भूषण से सम्मानित कोटक महिंद्रा बैंक के संस्थापक उदय कोटक ने टॉप 10 में अपनी जगह बनाई है, जबकि पेटीएम के विजय शेखर शर्मा ने भी इस एलीट सूची में अपना दबदबा कायम रखा है।
हिंदू नववर्ष 2026: 19 मार्च से शुरू होगा विक्रम संवत 2083, जानें पूजा का सबसे शुभ मुहूर्त
ज़मीनी हकीकत, ब्रेकिंग न्यूज़ और Trending News अपडेट के लिए Haryana News Post से जुड़े रहें।













