अंबाला (Ambala Weather)। सर्दी का सीजन जोर पकड़ने लगा है। इस वजह से दिन और रात का तापमान धीरे-धीरे कम होेने लगा है। सोमवार को दिन में धूप निकलने से मौसम सुहावना रहा। अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसी तरह न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह तापमान पिछले 24 घंटे में 1.4 डिग्री सेल्सियस गिरा। मौसम विभाग ने 12 नवंबर तक शीतलहर चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। पिछले दो दिनों से रातें ठंडी होने लगी हैं और शीतलहर भी चल रही है।
Ambala Weather: उत्तर पश्चिमी हवाएं चलेंगी
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 13 नवंबर तक खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चल सकती है। जिससे दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने के आसार हैं और रात्रि तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है। इस दौरान राज्य में अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 7 से 10 डिग्री सेल्सियस के मध्य रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ एक स्थानों पर बीच बीच में हल्के बादल भी छा सकते हैं।
सफेदे की फसल का रुझान
धान व गेहूं की घटती पैदावार के चलते अब किसानों में सफेदे की फसल का रुझान बढ़ने लगा है। किसान बलविंद्र सिंह, जसविंद्र सिंह, मंगल सिंह, मोतीराम, दविंद्र कुमार का कहना है कि धान व गेहूं की फसलों में प्रतिवर्ष खर्च बढ़ रहे हैं, लेकिन पैदावार काम हो रही है। यही नहीं हर वर्ष कोई न कोई नई बीमारी पनप रही है। जो किसानों की लहर लगाती हुई फसल को एकदम से समाप्त कर देती है। पिछले साल तेले की भरमार के कारण फसल बर्बाद हो गई और इस वर्ष फिजी वायरस के कारण किसानों को अपनी धान की फसल खेत में ही समाप्त करनी पड़ी, क्योंकि खेत में धान के पेड़ तो खड़े थे, लेकिन उनके ऊपर धान की बालियां नहीं थी।
तीन गुना होगी फसल
किसानों ने बताया कि अब वह धान व गेहूं की फसलों को काम करते जाएंगे और उसकी जगह सफेदे की फसल लगाना शुरू करेंगे, जो उन्हें प्रतिवर्ष बिना खर्च के अच्छा मुनाफा प्रदान करेगी। यदि वह हर साल एक एकड़ में सफेदे की फसल लगाते हैं और 5 साल तक यह 5 एकड़ पर पहुंच जाएगी तो 5 वर्ष से हर साल एक एकड़ की फसल को वह काटकर अच्छा मुनाफा प्राप्त कर सकते हैं। यह फसल गेहूं-धान की तुलना में तीन गुना होगी।













