अम्बाला (Ambala News)। जिले में अगले माह तक धान की खरीद का कार्य शुरू हो जाएगा। जिसको लेकर मार्केट कमेटी ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। मार्केट कमेटी की ओर से आढ़तियों को धान खरीद को लेकर निर्देश जारी किए गए हैं। मार्केट कमेटी सचिव दिलेल सिंह ने बताया कि अगर कोई भी आढ़ती निर्देशों का पालन नहीं करता तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
पीएपीएम एक्ट के तहत कार्रवाई
इस बार धान की फसल मंडी परिसर के भीतर ही साफ करनी होगी। अगर मंडी से बाहर कोई भी आढ़ती धान की फसल को साफ करता है तो उसके खिलाफ पीएपीएम एक्ट के तहत कार्रवाई होगी। गौरतलब है कि हर वर्ष धान की आवक अधिक होने के कारण मंडियों में जगह की कमी रहती है। इस बार मार्केट कमेटी की ओर से इस संदर्भ में पहले ही निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
जिला की 14 मंडियों के प्रधान दुनीचंद ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हर वर्ष मंडी में जगह की कमी होती है। इसलिए मजबूरी में आढ़ती फसल को मंडी से बाहर सड़कों पर डालने को मजबूर होते हैं। अगर इस बार भी आवक अधिक हुई तो मजबूरन उन्हें मंडियों के बाहर ही फसल को डालना पड़ेगा। इस बार बारिश और जलभराव के कारण धान का भूर झड़ गया है। जिसके चलते धान सही से पनप नहीं पाएगा और प्रति एकड़ आवक पर भी असर रहेगा। बीते वर्ष के मुकाबले धान की फसल में आवक कम होगी। इससे किसानों को भी नुक्सान होगा।
अम्बाला में निर्देश किए गए हैं जारी
धान की नमी जांचने के लिए आढ़ती के पास कम से कम दो मीटर होने चाहिए।
बिजली का इस्तेमाल करने के लिए अवैध कट नहीं लगेंगे अगर अवैध तरीके से बिजली चुराई तो लाइसेंस निलंबित किया जाएगा।
सभी आढ़ती अपनी फसल को मंडी परिसर में ही डालेंगे, मंडी परिसर से बाहर फसल डालने वाले आढ़ती पर कार्रवाई होगी।
अगर बारिश होती है तो फसल को भीगने से बचाने की जिम्मेवारी भी संबंधित आढ़ती की होगी। अगर फसल भीगने के बाद खराब हुई तो उसकी जिम्मेवारी भी आढ़ती की ही होगी।













