PM Dhan Dhanya Krishi Yojana नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, 11 अक्टूबर 2025 को नई दिल्ली के भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI) में किसानों के लिए दो बड़ी योजनाओं का शुभारंभ करने जा रहे हैं। इस खास मौके पर वे किसानों से सीधे बात भी करेंगे।
पीएम धन-धान्य कृषि योजना और दलहन आत्मनिर्भरता मिशन के साथ 42,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास होगा। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर कहा कि यह आयोजन देश के कृषि और ग्रामीण क्षेत्र के लिए नया इतिहास रचेगा।
इन योजनाओं से कम उपज वाले 100 जिलों में पैदावार बढ़ेगी और दालों का उत्पादन भी तेजी से बढ़ेगा। इससे किसानों की जिंदगी में खुशहाली आएगी और आत्मनिर्भर भारत का सपना और मजबूत होगा। आइए जानते हैं इन योजनाओं की खास बातें।
पीएम धन-धान्य कृषि योजना PM Dhan Dhanya Krishi Yojana
इस योजना का बजट 24,000 करोड़ रुपये है और इसका मकसद कृषि क्षेत्र को और मजबूत करना है। यह योजना कई बड़े लक्ष्यों पर काम करेगी। यह कृषि उत्पादकता को बढ़ाएगी, फसलों में विविधता लाएगी और टिकाऊ खेती को प्रोत्साहन देगी। साथ ही, पंचायत और प्रखंड स्तर पर फसल भंडारण की सुविधाएं विकसित होंगी।
सिंचाई सुविधाओं में सुधार होगा और 100 चयनित जिलों में किसानों को छोटे-बड़े लोन आसानी से मिलेंगे। यह योजना किसानों की आय बढ़ाने में गेमचेंजर साबित होगी।
दलहन आत्मनिर्भरता मिशन
पीएम मोदी 11,440 करोड़ रुपये की लागत से ‘दलहन आत्मनिर्भरता मिशन’ की शुरुआत करेंगे। इसका लक्ष्य भारत को दालों के उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाना है।
इस मिशन के तहत दालों की पैदावार बढ़ेगी, खेती का दायरा बढ़ेगा और खरीद, भंडारण व प्रसंस्करण की व्यवस्था मजबूत होगी। साथ ही, उत्पादन में होने वाले नुकसान को भी कम किया जाएगा। यह मिशन किसानों को दालों की खेती में बड़ा मुनाफा दिलाएगा।
5,450 करोड़ की परियोजनाएं
प्रधानमंत्री 5,450 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और 815 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इनमें बेंगलुरु और जम्मू-कश्मीर में कृत्रिम गर्भाधान प्रशिक्षण केंद्र, असम में राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत IVF प्रयोगशाला, मेहसाणा, इंदौर और भीलवाड़ा में दूध पाउडर संयंत्र और तेजपुर में पीएम मत्स्य सम्पदा योजना के तहत मछली चारा संयंत्र शामिल हैं। ये परियोजनाएं कृषि, पशुपालन और मत्स्य पालन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी।
किसानों से संवाद और प्रमाण पत्र
इस कार्यक्रम में पीएम मोदी राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत प्रमाणित किसानों को सर्टिफिकेट बांटेंगे। साथ ही, एमएआईटीआरआई तकनीशियनों और पीएम किसान समृद्धि केंद्रों (PMKSK) व CSC में बदली गई PACS को भी प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। वे दालों की खेती करने वाले किसानों से बात करेंगे, जिन्होंने सरकारी योजनाओं का फायदा उठाकर अपनी कमाई बढ़ाई है।













