Yamunanagar News (यमुनानगर) : खेतों में पोपुलर और सफेदा लगाने वाले किसान इन दिनों भारी परेशानी में हैं। मंडी में लकड़ी का भाव बढ़ने की बजाय गिर रहा है, जिससे किसानों को बड़ा नुकसान हो रहा है। मंडौली मंडी में लकड़ी लाने वाले किसान और आढ़ती बता रहे हैं कि पिछले 15 दिनों में सभी किस्मों की लकड़ी का भाव 300 रुपये क्विंटल तक लुढ़क गया है। जो लकड़ी पहले 1700 रुपये क्विंटल बिक रही थी, अब 1300 से 1400 रुपये पर आ चुकी है। वहीं, 1450 रुपये क्विंटल वाली लकड़ी अब 1150 से 1200 रुपये में बिक रही है।
मंडी में लकड़ी की आवक कम, फिर भी भाव गिरे
इन दिनों मंडी में लकड़ी के गिरते भाव से किसान ही नहीं, आढ़ती भी हैरान हैं। लगातार बरसात से खेतों में पानी भरा है और रास्तों पर कीचड़ होने से ट्रैक्टर-ट्रॉली नहीं पहुंच पा रही। लकड़ी की कटाई बुरी तरह प्रभावित हो गई है। एक महीने पहले जहां रोज 800 से 900 गाड़ियां लकड़ी लेकर आ रही थीं, अब औसतन सिर्फ 500 गाड़ियां ही पहुंच रही हैं। सप्लाई कम होने और डिमांड पहले जैसी बने रहने के बावजूद भाव गिरने से किसान और आढ़ती हैरान हैं।
किसान बोले- प्लाईवुड उद्योगपति एकाधिकार से कर रहे मनमानी
किसान और आढ़ती का कहना है कि भाव गिरने का कारण फैक्ट्री मालिकों का संगठित होकर एकाधिकार बनाना है। मंडी में फैक्ट्री मालिक एक ही रेट लगाते हैं, जैसे पहले से तय करके आते हों। नवरात्र और दिवाली को प्लाईवुड व्यापारियों के पास अच्छे ऑर्डर हैं और लकड़ी की डिमांड पहले से ज्यादा है। फिर भी भाव गिर रहे हैं। किसानों का आरोप है कि उद्योगपति मिलकर बाजार को कंट्रोल कर रहे हैं, जिससे किसानों को नुकसान हो रहा है।
यूरिया रेट का वायरल मैसेज बहुत कुछ कह रहा
जगाधरी प्लाईवुड मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन का सोशल मीडिया ग्रुप वायरल हो रहा है। इसमें फैक्ट्री मालिकों के मैसेज से लगता है कि वे कच्चे माल के दाम प्रभावित कर रहे हैं। ग्रुप में ब्लैक मार्केट से आने वाले कृषि ग्रेड यूरिया के रेट का मैसेज वायरल है। इसमें फैक्ट्री मालिक आपस में तय कर रहे हैं कि कोई भी 550 रुपये से ज्यादा का यूरिया कट्टा न खरीदे।
सरकार ने किसानों के लिए यूरिया का रेट 266 रुपये 45 किलो प्रति कट्टा रखा है। लेकिन फैक्ट्रियों के लिए टेक्निकल ग्रेड यूरिया 2200 से 2500 रुपये प्रति 50 किलो कट्टा है। दामों के अंतर से कई फैक्ट्री संचालक ब्लैक मार्केट से कृषि ग्रेड यूरिया खरीदकर ग्लू बनाने में इस्तेमाल कर रहे हैं।
एकाधिकार के आरोप गलत: जेके बिहानी
हरियाणा प्लाईवुड मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष जेके बिहानी ने लकड़ी के भाव और लग रहे आरोपों पर कहा कि मार्केट जरूरत के हिसाब से खुद रेट तय करता है। इसे कोई मिलकर प्रभावित नहीं कर सकता। ये आरोप गलत हैं। उन्होंने कहा कि बरसात में प्लाईवुड की सप्लाई कम हो जाती है। डिमांड कम होने पर रेट कम होना स्वाभाविक है। लेकिन किसान और आढ़ती इन दावों से सहमत नहीं हैं।













