सनातन धर्म में आस्था और उपासना का महापर्व चैत्र नवरात्रि 19 मार्च (गुरुवार) से शुरू होने जा रहा है। घटस्थापना के साथ ही इसी दिन से हिंदू नववर्ष विक्रम संवत 2083 का भी विधिवत आगाज हो जाएगा। पंचांग के अनुसार, गुरुवार से नवरात्रि शुरू होने के कारण इस बार मां दुर्गा का आगमन डोली (पालकी) पर हो रहा है।
ज्योतिषीय नजरिए से देखा जाए तो यह नववर्ष बेहद खास है। ज्ञान और धर्म के कारक देवगुरु बृहस्पति तथा ऊर्जा व साहस के प्रतीक मंगल ग्रह के विशेष प्रभाव से ग्रह-नक्षत्रों के समीकरण पूरी तरह बदल रहे हैं। सितारों की यह चाल कुछ राशियों के लिए छप्पर फाड़ सफलता लेकर आ रही है, जबकि कुछ लोगों को इस दौरान बेहद फूंक-फूंक कर कदम रखने की जरूरत होगी।
इन 3 राशियों के शुरू होंगे ‘अच्छे दिन’
मिथुन राशि: करियर के लिहाज से नया साल मिथुन राशि वालों के लिए सुनहरे मौके लेकर आ रहा है। लंबे समय से की जा रही आपकी मेहनत अब जमीन पर रंग लाती दिखेगी। कार्यक्षेत्र में अधिकारियों का भरोसा बढ़ेगा और नौकरी में कोई बड़ी जिम्मेदारी आपको सौंपी जा सकती है। कुल मिलाकर यह समय आपके लिए तरक्की के नए दरवाजे खोलेगा।
तुला राशि: आर्थिक मोर्चे पर तुला राशि वालों के लिए यह अवधि किसी वरदान से कम नहीं है। आमदनी के नए और मजबूत स्रोत बनेंगे, जिससे बैंक बैलेंस में सीधा इजाफा होगा। व्यापारियों के लिए मुनाफे का ग्राफ तेजी से ऊपर जाएगा। कामकाज के सिलसिले में की गई यात्राएं भविष्य में बड़े सौदे तय करवा सकती हैं।
धनु राशि: धनु राशि के जातकों का आत्मविश्वास इस नए साल में सातवें आसमान पर रहेगा। चाहे आप नौकरी में हों या खुद का कारोबार कर रहे हों, दोनों ही जगह मनचाही सफलता आपके कदम चूमेगी। बीते लंबे समय से चली आ रही पुरानी उलझनें और परेशानियां अब पूरी तरह से खत्म हो जाएंगी।
इन 3 राशियों को रहना होगा बेहद सतर्क
वृश्चिक राशि: नए हिंदू वर्ष में वृश्चिक राशि वालों को मिले-जुले परिणाम ही हासिल होंगे। करियर के मोर्चे पर अचानक उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ सकता है। कोई भी सफलता आसानी से नहीं मिलेगी; लक्ष्य तक पहुंचने के लिए आपको अपने कंफर्ट जोन से बाहर निकलकर सामान्य से कहीं अधिक पसीना बहाना होगा।
कुंभ राशि: बेवजह के खर्च और स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं कुंभ राशि वालों का बजट और सुकून दोनों बिगाड़ सकती हैं। इस दौरान आर्थिक मोर्चे पर तंगी या तनाव की स्थिति बन सकती है। पैसों के लेन-देन या निवेश को लेकर कोई भी फैसला जल्दबाजी में न लें, अन्यथा भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
मीन राशि: मीन राशि के जातकों पर शनि की साढ़ेसाती का प्रभाव हावी रहेगा, जिससे आने वाला समय चुनौतियों से भरा साबित हो सकता है। आर्थिक मामलों और पारिवारिक जिम्मेदारियों का भारी दबाव आप पर रहेगा। कार्यस्थल पर बेहद सावधानी से काम लें और किसी भी तरह के विवाद या जोखिम भरे फैसलों से खुद को पूरी तरह दूर रखें।
यह सामग्री ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है और केवल सामान्य सूचना प्रदान करने के उद्देश्य से प्रकाशित की गई है। Haryana News Post इस जानकारी की पूर्णता, सटीकता या विश्वसनीयता के संबंध में कोई दावा नहीं करता है और न ही किसी प्रकार की जिम्मेदारी स्वीकार करता है। इस आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय के लिए पाठक स्वयं उत्तरदायी होंगे।













