Varanasi Police Action ‘I Love Muhammad’ : वाराणसी | वाराणसी में धार्मिक भावनाएँ भड़काने वालों पर पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। ‘I Love Muhammad’ नारों के साथ बिना अनुमति जुलूस निकालने के मामले में चौक पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
इसके अलावा, 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दालमंडी इलाके में हुए इस घटनाक्रम ने सोशल मीडिया पर खूब हंगामा मचाया है। पुलिस अब ऐसे मामलों में कोई ढील नहीं बरत रही और संवेदनशील इलाकों में पूरी सतर्कता बरत रही है।
दालमंडी में जुलूस ने मचाया बवाल Varanasi Police Action
दालमंडी इलाके में कुछ युवकों ने ‘I Love Muhammad’ लिखी तख्तियाँ लेकर जुलूस निकाला और नारेबाजी की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। एसीपी दशाश्वमेध के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों की जानकारी के आधार पर पुलिस ने चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
साथ ही, इस मामले में शामिल 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। पुलिस इस मामले की गहराई से जाँच कर रही है।
संवेदनशील इलाकों में पुलिस की सख्ती
वाराणसी में धार्मिक भावनाएँ भड़काने की कोशिश करने वालों पर पुलिस का एक्शन तेज है। अब तक 75 लोगों के खिलाफ केस दर्ज हो चुके हैं।
सिगरा और दशाश्वमेध के बाद लोहता इलाके में भी बिना अनुमति जुलूस निकालने और ‘सर तन से जुदा’ जैसे नारे लगाने वालों पर कार्रवाई हुई है। शहर में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। काशी विश्वनाथ मंदिर और घाटों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। संवेदनशील इलाकों में गश्त तेज कर दी गई है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।













