नई दिल्ली. पीएम किसान की 22वीं किस्त फरवरी 2026 में बजट के बाद जारी होने की संभावना है। ई केवाईसी और लैंड सीडिंग अधूरी होने पर 30 लाख किसानों की तरह आपका पैसा भी अटक सकता है।
देशभर के करोड़ों किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त का लाभ 19 नवंबर 2025 को मिल चुका है। अब अन्नदाता 22वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि किसानों के मन में यह सवाल भी है कि क्या अगली किस्त का पैसा उनके खाते में आएगा या फिर किसी तकनीकी खामी की वजह से उनका नाम लिस्ट से हट सकता है।
सरकार की तरफ से नियमों में सख्ती और वेरिफिकेशन प्रक्रिया तेज होने के कारण यह जानना बेहद जरूरी है कि आपका स्टेटस क्या कहता है। यहां हम आपको अगली किस्त की संभावित तारीख और पात्रता से जुड़ी पूरी जानकारी दे रहे हैं।
पीएम किसान योजना का अब तक का सफर
केंद्र सरकार ने अब तक इस महत्वकांक्षी योजना के तहत 21 किस्तें सफलतापूर्वक जारी कर दी हैं। इस योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करना है। इसके तहत पात्र किसानों को सालाना 6000 रुपये की राशि दी जाती है। यह पैसा 2000 रुपये की तीन समान किस्तों में हर चार महीने के अंतराल पर सीधे बैंक खातों (DBT) में भेजा जाता है।
आंकड़ों पर नजर डालें तो सरकार ने 21वीं किस्त नवंबर 2025 में जारी की थी। वहीं इससे पहले 19वीं किस्त 24 फरवरी 2025 को जारी की गई थी जिसका फायदा करीब 9.8 करोड़ किसानों को मिला था। अब सवाल यह है कि 22वीं किस्त का पैसा कब रिलीज होगा।
लाखों किसानों की किस्त क्यों अटक जाती है
पिछली किस्तों के दौरान एक चौंकाने वाला आंकड़ा सामने आया था। वेरिफिकेशन के बाद लगभग 30 लाख से अधिक किसानों का भुगतान रोक दिया गया था। कृषि मामलों के जानकारों का कहना है कि सरकार अब अपात्र लोगों को सिस्टम से बाहर करने के लिए डेटा की गहन जांच कर रही है।
अगर दस्तावेजों में जरा सी भी गड़बड़ी पाई जाती है तो सिस्टम ऑटोमैटिक तरीके से भुगतान रोक देता है। यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि केवल जरूरतमंद और असली किसानों को ही योजना का लाभ मिले।
इन गलतियों से रुक सकता है आपका पैसा
अगर आप चाहते हैं कि 22वीं किस्त बिना किसी रुकावट के आपके खाते में आए तो आपको नीचे दी गई बातों का खास ख्याल रखना होगा।
जमीन की रजिस्ट्री: अगर किसी किसान ने 1 फरवरी 2019 के बाद जमीन खरीदी है तो वह इस योजना का लाभ नहीं ले सकता।
दोहरा लाभ: एक ही परिवार में अगर पति और पत्नी दोनों इस योजना का लाभ ले रहे हैं तो यह नियमों के खिलाफ है और ऐसे में किस्त रोकी जा सकती है।
नाबालिग आवेदक: जमीन अगर किसी नाबालिग के नाम पर है तो उसे योजना का पात्र नहीं माना जाएगा।
ई केवाईसी अनिवार्य: जिन किसानों ने अभी तक अपनी ई केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं की है उन्हें अगली किस्त से वंचित रहना पड़ सकता है।
आधार सीडिंग: बैंक खाते का आधार से लिंक होना और एनपीसीआई (NPCI) में एक्टिव होना अनिवार्य है।
लैंड सीडिंग: अगर आपके भूलेख सत्यापन (Land Seeding) के स्टेटस में ‘No’ लिखा आ रहा है तो पैसा नहीं आएगा।
घर बैठे ऐसे चेक करें लाभार्थी सूची में अपना नाम
आप अपने मोबाइल से ही यह पता लगा सकते हैं कि आपके गांव की लिस्ट में आपका नाम शामिल है या नहीं।
सबसे पहले पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
होमपेज पर दिख रहे ‘Beneficiary List’ विकल्प का चयन करें।
इसके बाद अपने राज्य, जिला, ब्लॉक और गांव का विवरण भरें।
अंत में ‘Get Report’ बटन पर क्लिक करें।
इसके बाद आपके सामने पूरी लिस्ट खुल जाएगी जहां आप अपना नाम देख सकते हैं।
अपना स्टेटस चेक करने का आसान तरीका
अगर आप केवल अपने आवेदन की स्थिति जानना चाहते हैं तो इन स्टेप्स को फॉलो करें:
आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ‘Know Your Status’ पर क्लिक करें।
अपना रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें।
स्क्रीन पर दिख रहा कैप्चा कोड भरें और ओटीपी जनरेट करें।
ओटीपी डालते ही आपका पूरा स्टेटस सामने आ जाएगा।
यहां आप अपनी पात्रता, ई केवाईसी और लैंड सीडिंग का स्टेटस देख सकते हैं।
कब तक जारी होगी 22वीं किस्त
योजना के पैटर्न को देखें तो सरकार हर चार महीने में किस्त जारी करती है। चूंकि पिछली किस्त नवंबर 2025 में आई थी इसलिए अगली किस्त का समय फरवरी से मार्च 2026 के बीच बनता है।
संभावना जताई जा रही है कि सरकार बजट 2026 पेश करने के बाद फरवरी महीने के अंत तक या होली के आसपास किसानों को 22वीं किस्त का तोहफा दे सकती है। हालांकि अभी तक सरकार ने कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है। किसानों को सलाह दी जाती है कि वे पोर्टल पर अपना स्टेटस चेक करते रहें।













