अंबाला (Ambala Crime News)। चोरी की एक्टिवा सहित काबू किए गए घास मंडी निवासी कन्हैया उर्फ ननकु रिमांड के दौरान हवालात का चालाकी से गेट खोलकर फरार हो गया। क्योंकि गेट पर पुलिस ने ताला नहीं लगाया था। घटना शुक्रवार व शनिवार देर रात को अंबाला सिटी के थाने में घटित हुई। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दिया है और टीमें लगातार संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। वहीं आरोपी के खिलाफ थाने से भागने की धारा 262 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है, हालांकि इस मामले में अब संबंधित पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरु हो गई है। ऐसे में उन पर गाज गिरना तय है, उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई भी हो सकती है और उन्हें लाइन हाजिर भी किया जाएगा।
Ambala Crime News: यह था मामला
पुलिस ने सूचना के आधार पर सात नवंबर को कन्हैया उर्फ ननकु को चोरी की एक्टिवा सहित काबू किया था। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस ने एक दिन का रिमांड लिया था जोकि आठ नवंबर को खत्म होना था। लेकिन इससे पहले ही वो आधी रात को हवालात का गेट चालाकी से खोलकर खिसक गया बताया जाता है कि हवालात के बाहर ताला लगाया नहीं लगा था। आरोपी की धरपकड़ के लिए मुखबिरों की मदद भी ली जा रही है।
सेंट्रल जेल से दो बार भाग चुके हैं बंदी
इस मामले से पहले अंबाला की सेंट्रल जेल से दो बार बंदी भागने में कामयाब रहे। इसमें एक बंदी तो टैंपू की आड़ लेकर उसके नीच लटककर चला गया तो दूसरा बिजली के तारों की मदद से भागने में कामयाब रहा था। इसके बाद से ही जेल में कैदियों व बंदियों को रखने को लेकर जेल प्रबंधन ने कई बदलाव किए थे। अब हवालात से भागने के मामले में जेल प्रशासन के बाद पुलिस पर भी आरोप लगने शुरू हो गए हैं।
सिटी थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही वो गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपी के खिलाफ हवालात से भागने पर मामला दर्ज किया गया है।
पंचकूला शादी में गए परिवार के घर सेंध
पंचकूला शादी में गए परिवार के बंद घर में अज्ञात ने सेंध लगा दी और काफी सामान चोरी करके ले गए। पुलिस ने न्यू जनकपुरी निवासी चरणजीत की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। चरणजीत ने बताया कि वह शनिवार दोपहर को परिवार के साथ पंचकुला में शादी समारोह में गया था। रविवार सुबह जब वह वापस आए तो देखा कि घर का सारा सामान बिखरा पड़ा है। उन्होंने बताया कि घर से चोर काफी सामान व नकदी चोरी कर ले गए हैं। इसकी सूची जल्द ही पुलिस को उपलब्ध करवा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि यह चोरी आठ और नौ नवंबर की मध्यरात्रि में हुई है।
बैग से अज्ञात ने चोरी किए सोने के गहने
शहजादपुर। बस में बैठे दंपती के बैग से अज्ञात ने सोने के गहने निकाल लिए। ठसका गांव पहुंचने पर जब महिला ने बैग में रखे गहने चैक किए तो वो गायब मिले। पुलिस ने बीबीपुर गांव नारायणगढ़ निवासी सुनील कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। सुनील कुमार ने बताया कि तीन नवंबर को वो पत्नी प्रीती देवी व बच्चों संग ठसका गांव थाना ननौता जिला सहारनपुर उतर प्रदेश अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे।
सुबह लगभग दस बजे उन्होंने पतरेहड़ी गांव के अड्डे से सरकारी बस ली और साहा बस अड्डे पर उतर गए। इसके बाद उन्होंने साहा से साहा से यमुनानगर और फिर यमुनानगर से ठसका गांव में बस द्वारा सफर किया। दोपहर लगभग तीन बजे जब वो गांव पहुंचे और यहां पत्नी प्रीती ने बैग चैक किया तो उसमें से 15-16 तोला सोना गायब था। सुनील ने बताया कि जब सोने के गहने बैग से निकल गए तो पत्नी ने इसकी जानकारी उन्हें दी।
बयाना लेने के बाद नहीं करवाई रजिस्ट्री
जमीन की खरीद-फरोख्त के मामले में पांच लाख रुपये की धोखाधड़ी हो गई। बयाना लेने के बाद जमीन की मालिक रजिस्ट्री करवाने से मुकर गई। पुलिस ने रामपुर रोड, आजाद नगर निवासी अश्वनी रानी की शिकायत पर सुनीता देवी और उसके ससुर दयाल सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अश्वनी रानी ने बताया कि मुनरहेडी गांव में 3 कनाल 3 मरले का सौदा 26 लाख 38 हजार 125 रुपये में तय हुआ था। इसमें बयाने के तौर पर उक्त आरोपियों को पांच लाख रुपये दिए गए। जब तय समय पर उन्हें रजिस्ट्री करवाने के लिए कहा गया तो उन्होंने रजिस्ट्री करवाने से मना कर दिया क्योंकि उन्हें जानकारी मिली थी कि सुनीता देवी के नाम पर 3 कनाल 3 मरले जगह नहीं बल्कि मात्र 15 मरले ही जगह थी।













