अंबाला (Ambala Crime News)। साइबर सेल की टीम ने सितंबर-अक्तूबरर माह में लगभग 10 लाख 1766 रुपये के गुमशुदा 51 मोबाइल फोन तलाश किए और इसे ढूंढकर सहायक पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में उनके मालिकों को लौटाकर सराहनीय कार्य किया। एसपी अंबाला अजीत सिंह शेखावत के निर्देशानुसार पुलिस द्वारा गुमशुदा मोबाइल फोन तलाश करके उनके मालिकों को लौटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है ताकि आम नागरिकों को आर्थिक क्षति से बचाया जा सके। इस अभियान के दौरान साइबर सैल ने यह कार्य किया।
Ambala Crime News: जिला पुलिस की पैनी नजर
विदेश जाने का सपना आज के युवाओं में आम हो चला है, लेकिन इस सपने को साकार करने के नाम पर कुछ गिरोह युवाओं को ठगने और अवैध रास्तों से विदेश भेजने का धंधा कर रहे है। ऐसे अवैध तरीके से विदेश भेजने वालों पर अब जिला पुलिस ने कड़ा शिकंजा कस दिया है। पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह ने बताया कि इस प्रकार का अवैध धंधा करने वाले एजेंटों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसके तहत एजेंटों पर पैनी नजर रखी जा रही है बल्कि पीड़ितों को जागरूक करने का भी प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिला सहित आसपास के इलाकों से कुछ दलाल युवाओं को कनाडा, अमेरिका अन्य यूरोपीय देशों में नौकरी या पढ़ाई के बहाने लाखों रुपये लेकर अवैध रास्तों से विदेश भेजने का अवैध कार्य कर रहे है। ऐसे में एजेंट फर्जी दस्तावेज तैयार करवा कर लोगों को डंकी रूट के जरिए विदेश भेजते हैं, इसमें कई बार युवाओं की जान तक खतरे में पड़ जाती है।
वेंकट के नेटवर्क का पता लगाएगी पुलिस
नारायणगढ़ में खौफ फैलाने की कोशिश करने वाला अपराधी वेंकट गर्ग का पुलिस बेसब्री से इंतजार कर रही है। संभवत: अंबाला पुलिस को ही सुरक्षा एजेंसियां जॉर्जिया से लाने के बाद वेंकट को सुपुर्द करेंगी, क्योंकि सबसे अधिक केस उसके अंबाला के नारायणगढ़ थाने में दर्ज हैं। खास बात है कि वेंकट से पूछताछ के दौरान पुलिस का विशेष ध्यान उसके नेटवर्क पर रहेगा।
पुलिस पता लगाएगी कि वेंकट इतने कम समय में किसकी मदद से सक्रिय गैंग खड़ा कर लिया। उसे हथियार कहां से मिले, कहां से गैंग को चलाने के लिए फंडिंग की उपलब्धता हुई। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर बिना मददगारों के गैंग चलाना नामुमकिन है, ऐसे में जिसने भी गोपनीय रहते हुए स्थानीय स्तर पर वेंकट की मदद की है उनके नाम भी पुलिस वेंकट से उगलवाएगी।
इसके साथ ही पंजाब से वेंकट का कनेक्शन भी निकल कर आ रहा है, उसका भी पुलिस पता करेगी कि पंजाब के किन पेशेवर अपराधियों के संपर्क में था। फिलहाल अभी वेंकट को भारत लाने की प्रक्रिया चल रहा है, इसके बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि कब तक अंबाला पुलिस को वेंकट की सुपुर्दगी मिलेगी।
नारायणगढ़ में पांच केस दर्ज
वेंकट पर अंबाला के नारायणगढ़ में करीब पांच मामले दर्ज हैं। जिसमें सबसे अधिक बसपा प्रदेश सचिव हरबिलास हत्याकांड का मामला है। जिसमें वह मुख्य अारोपी है। इसके अलावा विदेश से जबरन वसूली व फायरिंग कराने के मामले भी हैं। नारायणगढ़ के गोकुल स्वीट्स पर फायरिंग में वेंकट का नाम सामने आया था। इसके साथ ही सब्जी मंडी में आढ़ती पर वसूली के लिए फायरिंग, नारायणगढ़ में खड़ी कार पर गोली चलाने का मामला व अन्य कारोबारियों को धमकाने के मामले दर्ज हैं। इसके अलावा सढ़ोरा, कुरुक्षेत्र में भी वेंकट पर मामले हैं।













