अंबाला (Ambala Crime): कैनेडा में रहने वाली पत्नी के नकली हस्ताक्षर करवाकर पति ने अपने पिता के साथ मिलकर डाकखाने से 16.12 लाख रुपये निकलवा लिए, वहीं दिल्ली सहित फरीदाबाद में खरीदी संपत्ति को भी बेच दिया। पुलिस ने पटियाला निवासी ससुर देविंदर सिंह की शिकायत पर छावनी के हाउसिंग बोर्ड निवासी दामाद अर्शदीप सिंह सहित उसके पिता कुलविंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
देविंदर सिंह ने बताया कि बेटी इंद्रपीत कौर और बेटा गुरकमल सिंह कैनेडा के निवासी हैं और वो खुद रोपड़ थर्मल प्लांट से सेवानिवृत अधिकारी हैं। उन्होंने डाकखाने में अपनी बेटी का खाता खोला था। लेकिन अर्शदीप सिंह से शादी के बाद यह खाता अंबाला छावनी में ट्रांसफर करवा दिया गया।
फ्लैट भी बेच डाले
उनकी बेटी और दामाद दिल्ली में नौकरी करते थे, इसलिए दोनों ने संयुक्त फंड से उन्होंने दिल्ली और फरीदाबाद में एक-एक फ्लैट खरीदा था। 27 अगस्त 2017 को दोनों कैनेडा चले गए। कुछ समय बाद अर्शदीप सिंह ने बेटी के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट करना शुरु कर दिया और इसके अर्शदीप बेटी पर तलाक देने का दबाव बनाने लगा।
इस दौरान अर्शदीप कई बार बेटी को जानकारी दिए बिना भारत आया और बेटी के डाकखाने में पड़े 16 लाख 12 हजार 883 रुपये 16 मई 2024 को नकली हस्ताक्षर करवाकर निकलवा लिए। इसके बाद उसने नकली हस्ताक्षर करके दिल्ली और फरीदाबाद के फ्लैट भी बेच दिए और इसकी भनक बेटी को भी नहीं लगने दी।
देविंदर सिंह ने बताया कि यह काम एक सोची-समझी साजिश के तहत अर्शदीप व उसके पिता कुलविंदर सिंह ने मिलकर किया है और डाकखाने से पैसे निकलवाने के मामले में कोई अंदर का कर्मचारी भी संलिप्त है।
सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत
अंबाला। सड़क हादसे में बाइक सवार लखनौरा निवासी गुरविंदर सिंह की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई रिषीपाल की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। रिषीपाल ने बताया कि वो मेहनत मजदूरी करता हे। 15 नवंबर को रोजाना की तरह गुरविंदर सिंह अपनी बाइक पर निजी कार्य से शहजादपुर गया था।
शाम लगभग सात बजे उन्हें गुरविंदर सिंह सादिकपुर मोड़ पर मिला और फिर वो दोनों अपनी-अपन बाइक पर घर की तरफ चल पड़े। गुरविंदर आगे चल रहा था और वो पीछे। जब गुरविंदर हडबीन गांव की तरफ मुड़ा तभी एक चालक ने उसकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। इससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राइवेट वाहन की मदद से जब गुरविंदर को अस्पताल लेकर गए तो डाक्टर ने जांच उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
रुपये मांगने पर की मारपीट
मुलाना। रंजिशन हमले में रोलू निवासी प्रदीप कुमार घायल हो गया। पुलिस ने प्रदीप की शिकायत पर डुलियानी गांव निवासी राजू सहित अन्य व्यक्तियों पर मारपीट करने का मामला दर्ज किया है। प्रदीप ने बताया कि 14 नवंबर को वो अपने भांजे के साथ कार में अपनी ससुराल दौसड़का में आया हुआ था।
यह उसे राजू मिला। उन्होंने राजू से कहा कि सात-आठ साल पहले जो 30 हजार रुपये उसे उधार दिए थे, वो उन्हें वापिस कर दे। लेकिन उसने पैसे देने से इंकार कर दिया और इस कारण उसकी राजू के साथ बहस हो गई। इस दौरान राजू का मोबाइल फोन जमीन पर गिर गया और वो मौके से चला गया।
कुछ देर बाद उसने किसी दूसरे नंबर से फोन किया और कहा कि वो उसका फोन दे जाएं और अपने पैसे ले जाएं। उस पर विश्वास करके जब प्रदीप अपने भांजे आशुतोष के साथ डुलियानी गांव मे गए तो राजू ने धोखे से अपने भतीजे राणा व चार-पांच अन्य व्यक्तियों के साथ उस पर जानलेवा कर दिए।
इस मारपीट में उसके भांजे ने भागकर अपनी जान बचाई और मामले की जानकारी डायल 112 को दी। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मचारी ने उसे एमएम अस्पताल में भर्ती करवाया। प्रदीप ने बताया कि उसकी टांग और हाथ की कई हडि्डयां टूट गई हैं।













