यमुनानगर (Crime News): फर्जी ई-चालान की फाइल भेजकर फोन हैक कर बैंक खाते से चार लाख रुपये निकाल लिए गए। साइबर ठगी कैंप की रणजीतपुर कॉलोनी निवासी अमित चावला से हुई। इसकी शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस को दी शिकायत में रणजीत कॉलोनी निवासी अमित चावला ने बताया कि 24 अक्टूबर को उनके व्हाट्सएप पर अनजान नंबर से आरटीओ ई चालान की एपीके फाइल भेजी गई। जब फाइल पर क्लिक किया तो मोबाइल हैक हो गया।
काफी समय तक फोन नहीं चला। मोबाइल रीस्टार्ट करने पर पाया कि बैंक खाते से अलग-अलग कर ऑनलाइन चार लाख रुपये निकाल लिए गए। मोबाइल पर आए रुपये निकलने के संदेश देखकर बैंक में जाकर खाता बंद कराया और साइबर क्राइम पुलिस को शिकायत दी। जांच अधिकारी बलदेव सिंह ने कहा कि शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तलवार से युवक पर जानलेवा हमला
थाना शहर जगाधरी क्षेत्र की धर्मपुरा कॉलोनी में बर्गर की रेहड़ी पर युवक पर दो लोगों ने तलवार व किरपान से जानलेवा हमला कर दिया। घटना 15 नवंबर की दोपहर में हुई। इसमें तलवार व किरपान लगने से युवक के सिर व हाथों में चोटें आईं।
उसे बेसुध कर दोनों हमलावर भाग गए। बाद में घायल युवक को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां वह उपचाराधीन है। सूचना पर पुलिस ने युवक की मां की शिकायत पर जानलेवा हमला करने के आरोप में दोनों लोगों को नामजद कर लिया।
पुलिस को दी शिकायत में जगाधरी की पुरानी अनाज मंडी निवासी मुक्ता ने बताया कि उनके 19 वर्षीय बेटा जागृत 15 नवंबर की दोपहर करीब डेढ़ बजे जगाधरी की धर्मपुरा कॉलोनी में गया था। यहां जागृत के परिचित तुषार सिंह व रोहन भारद्वाज पहुंच गए और उन्होंने बेटे पर तलवार व किरपान से हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठे हुए तो तुषार व रोहन भाग गए।
इस बारे में सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची और बेटे को अस्पताल पहुंचाया। साथ ही इसकी सूचना पुलिस को दी। जांच अधिकारी तरसेम कुमार ने कहा कि तुषार सिंह व रोहन भारद्वाज को नामजद करते हुए अन्य पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवक की पिटाई रुपयों के लेनदेन के विवाद के चलते की गई है, ऐसा पता चला है। अभी इस बारे में जांच कर रहे हैं।
बाइक सवार पेंटर को कार ने कुचला
बाजार से दवा लेकर घर लौटते बाइक सवार पेंटर को कार चालक ने टक्कर मार दी। इस दौरान कार के नीचे कुचले जाने से पेंटर की मौत हो गई। हादसा 14 नवंबर की शाम करीब साढ़े सात बजे जगाधरी की विजय नगर कॉलोनी में सिटी मार्बल फैक्टरी के पास हुआ। सूचना पाकर पहुंची थाना शहर जगाधरी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया, वहीं अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस को दी शिकायत में जगाधरी की विशाल कॉलोनी निवासी रोशनी देवी ने बताया कि उनका 35 वर्षीय बड़ा बेटा संदीप कुमार पेंट करने का काम करता था। शुक्रवार की शाम संदीप घर से बाइक पर दवा लेने गया था। इस दौरान विजय नगर कॉलोनी में सिटी मार्बल फैक्टरी के पास अज्ञात कार चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाही से कार चलाते हुए संदीप की बाइक में टक्कर मार दी। इससे संदीप बाइक सहित सड़क पर गिर गया।
इसके बाद संदीप कार के नीचे कुचला गया। हादसे को अंजाम देकर कार चालक मौके से निकल गया। आसपास के लोगों ने संदीप को रिक्शा में जगाधरी के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सक ने संदीप को जिला नागरिक अस्पताल भेज दिया, पर वहां पहुंचने पर चिकित्सक ने संदीप को मृत घोषित कर दिया गया। संदीप का एक बेटा व एक बेटी है।
पत्नी कई साल से मायके में रह रही है। संदीप अपनी मां, बहन व भाई के साथ रहता था। जांच अधिकारी मुकेश कुमार ने कहा कि रोशनी देवी की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।













